दिव्यांग युवती को दुष्कर्म कर बनाया गर्भवती, राज खुला तो हुआ गिरफ्तार
मूकबधिर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के दो दोषियों को 20 साल की कैद
धनबाद, जेएनएन। धैया की रहने वाली एक दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता की मां ने महिला थाना में शिकायत की है। लिखित आवेदन में पीडि़ता की मां ने बताया कि रितिक कुमार नामक युवक उनकी बेटी के साथ पिछले 4 महीनों से दुष्कर्म कर रहा था। पीडि़ता दिव्यांग है और बोलने में असमर्थ है। आरोपित ने उसे डरा धमकाकर कुछ भी बोलने से मना किया था।
पीड़िता के पिता की मौत हो चुकी है। वह अपने मां के साथ घर में रहती है। मां के काम पर चले जाने के बाद आरोपित धैया निवासी रितिक कुमार जबरन उसके घर में घुस जाता था और डरा धमका कर पीडि़ता का यौन शोषण करता था। जब पीडि़ता ने घटना के बारे में परिजनों को बताने की बात कही तो वह उसे शादी का प्रलोभन देकर चुप रहने को कहा। जब आरोपित युवक को पीडि़ता के गर्भवती होने की जानकारी मिली तब वह उस से दूरी बनाने लगा। इधर पीडि़ता का पेट बढ़ता देख मां को संदेह हुआ तो उसने पूछताछ की। तब उसने मां को घटना की जानकारी दी । मां के अनुसार जब वह उक्त युवक से इसके बारे में पूछी तब उसने किसी भी तरह के संबंध से इनकार कर दिया। थक हारकर पीडि़ता की मां ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को थाना बुलाकर हिरासत में ले लिया।