झारखंड में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, खाया जहर
ब्यूटीशियन का कोर्स कर घर लौट रही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा में ब्यूटीशियन का कोर्स कर घर लौट रही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना से आहत होकर युवती ने घर पहुंचकर जहर खा लिया। जब उसकी स्थिति बिगड़ गई तब परिजनों को पता चला। पूछताछ में उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
इसके बाद उसे उपचार के लिए पीएमसीएच (पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक 24 वर्षीय युवती रविवार को ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लेने चंद्रपुरा गई थी। देर शाम को वह लौट रही थी। रास्ते में गांव के पहले सुनसान स्थल पर उसे तीन-चार लड़कों ने पकड़ लिया और जबरदस्ती अपने साथ ले गए। युवक उसे जंगल की ओर ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किसी तरह युवती उनके चंगुल से छूटकर घर पहुंची। घटना से वह इतना आहत थी कि उसने परिवार को कोई जानकारी दिए बिना जहर खा लिया। इस कारण थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसकी गंभीर हालत देखकर परिजनों ने जब पूछताछ की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी।