लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही नाबालिग फंदे से लटकी मिली, प्रेमी फरार
पुलिस को सूचना मिली की विकास नगर में जागेश्वर साव के मकान में एक किशोरी पंखे से दुपट्टा के सहारे लटकी है। वहां पहुंची पुलिस को कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर वह फंदे से लटकी मिली।
धनबाद, जेएनएन। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के विकास नगर में प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप के तहत रह रही नाबालिग की संदिग्ध स्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसके साथ रह रहा प्रेमी ऋषिकेश सिंह फरार है।
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली के विकास नगर निवासी जागेश्वर साव के मकान में एक किशोरी पंखे से दुपट्टा के सहारे लटकी है। वहां पहुंची पुलिस को कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर वह फंदे से लटकी मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नाबालिग के मोबाइल की जांच में पता चला कि वह धनसार इलाके की रहने वाली थी। प्रेमी भी इसी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। लड़की के पिता वहां पहुंचे। पुलिस ने परिजनों, मकान मालिक व पड़ोसियों से पूछताछ की। उसकी मौत क्यों और कैसे हुई, पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल में लगी है। ऋषिकेश की तलाश हो रही है।
पहले से शादीशुदा है प्रेमी : ऋषिकेश रिकवरी एजेंट का काम करता है। वह पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी अनुग्रह नगर में रह रही है। प्रेमी के पिता स्वर्गीय गीता सिंह अनुग्रह नगर में आदर्श मध्य विद्यालय नाम से स्कूल चलाते थे। एक ही क्षेत्र का होने के कारण दोनों में पहचान हुई थी।
बुधवार की रात हुआ था विवाद : बुधवार की रात दोनों के बीच झगड़ा होने की बात सामने आई है। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों पति-पत्नी की तरह एक कमरे में रहते थे। मकान मालिक और पड़ोसियों ने शोर शराबे की आवाज सुनी थी। दोनों के बीच पूर्व में भी अक्सर बहस होती थी।
दोनों बहनें एक साथ हुई थी फरार : नाबालिग के साथ उसकी बहन 9 महीने पहले घर से चली गई थीं। दरअसल नाबालिग के पिता ने दूसरी शादी की थी। इससे दोनों नाखुश थीं।
पिता बोले-लापता हो गई थी बेटी : पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी नौ महीने से लापता थी। वह उसकी खोजबीन कर रहे थे। हालांकि गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप