RSS Training Camp: सर कार्यवाह भैयाजी जोशी से मिले मंत्री सरयू राय, राजनीतिक हालात से अवगत कराया
RSS अभ्यास वर्ग में भाग लेने सर कार्यवाह भैयाजी जोशी भी पहुंचे हैं। इसके बाद झारखंड में भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी सावधान की मुद्रा में आ गए हैं।
धनबाद, जेएनएन। RSS के उत्तर-पूर्व क्षेत्र का धनबाद में संघ शिक्षा वर्ग चल रहा है। इसमें झारखंड और बिहार के करीब 300 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। 25 मई से 14 जून तक चल रहे इस अभ्यास वर्ग में भाग लेने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह भैयाजी जोशी भी पहुंचे हैं। इसके बाद झारखंड में भाजपा के जनप्रतिनिध और पदाधिकारी सावधान की मुद्रा में आ गए हैं। वे संघ का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए अभ्यास वर्ग स्थल पर पहुंच रहे हैं। गुरुवार को राज्य के खाद्य आपूर्ति मामले के मंत्री सरयू राय ने जोशी से मुलाकात की।
अभ्यास वर्ग का समापन शुक्रवार 14 जून को होगा। इस माैके पर कार्यक्रम स्थल धनबाद केमिकल प्रांगण में सार्वजनिक समारोह होगा। मुख्य अतिथि आइआइटी-आइएसएम धनबाद के निदेशक प्रो. राजीव शेखर होंगे। सर कार्यवाह जोशी 10 जून से धनबाद में हैं। वे प्रशिक्षण में भाग ले रहे स्वयंसेवकों का मार्गनिर्देशन कर रहे हैं। 2025 में आरएसएस की स्थापना के साै वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसकी तैयारी में अभी से संघ जुट गया है। इसके लिए स्वयंसेवकों को तैयार किया जा रहा है।
मंत्री सरयू राय ने जोशी से मिलकर झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हालत की जानकारी दी। इससे पहले बुधवार की रात में धनबाद के सांसद पीएन सिंह, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, धनबाद के विधायक राज सिन्हा, सिंदरी के विधायक फूलचंद मंडल और आइआइटी-आइएसएम धनबाद के निदेशक प्रो. राजीव शेखर ने जोशी से मुलाकात की। इस दाैरान जोशी ने झारखंड के राजनीतिक हालात का फीडबैक प्राप्त किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप