दिल्ली की तर्ज पर सुधरेगी झारखंड की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षा मंत्री ने कहा- जल्द शुरू होगी स्कूलों में सुधार की कवायद Dhanbad News
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर झारखंड में भी शिक्षा के स्तर को बेहतर किया जाएगा। यहां के स्कूलों में सुधार की कवायद जल्द शुरू होगी।
धनबाद, जेएनएन। सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर झारखंड में भी शिक्षा के स्तर को बेहतर किया जाएगा। यहां के स्कूलों में सुधार की कवायद जल्द शुरू होगी। प्रदेश की सरकार युवाओं की बेरोजगारी को दूर करने के लिए बेहतर रूप से काम कर रही है। प्रदेश में बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। सरकार शिक्षा और रोजगार के मामले में बेहतर परिणाम के लिए बेहतर रूप से काम कर रही है।
वे मंगलवार को नेपाल रवानी का 30वीं पुण्यतिथि पर जिले के गोधर मोड पहुंचे थे। शिक्षा मंत्री ने इस दौरान नेपाल रवानी को श्रद्धासुमन अर्पित किया। झामुमो की ओर से स्व. नेपाल रवानी का 30वीं पुण्यतिथि मनायी गयी। इस दौरान पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन ने कहा कि शहीद नेपाल रवानी ने हमेशा ही समाज के दबे लोगों की की आवाज को उठाते थे। जब अलग राज्य के आंदोलन का शंखनाद किया तो नेपाल के साथ-साथ यहां के रसिक हांसदा ने भी साथ दिया। इनकी शहादत को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।
कोयलांचल में भारी पैमाने पर बेरोजगारी : मौके पर टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि कोयलांचल में भारी पैमाने पर बेरोजगारी है। इसे दूर करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करने की जरुरत है। व्यवसाय प्रकोष्ठ के केन्द्रीय अध्यक्ष अमितेश सहाय ने शहीदों की सच्ची श्रद्धांजलि उनके सपनों पूरा करने की बात कही। इस दौरान महानगर अध्यक्ष देबू महतो, हरिप्रसाद पप्पू ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इससे पूर्व मासस, झामुमो युवा मोर्चा, छात्र मोर्चा ने जुलूस निकाला।
ये भी थे मौजूद : स्व. नेपाल रवानी के 30वीं पुण्यतिथि के मौके पर दिशोम गुरू शिबू सोरेन, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के अलावे झामुमो व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमितेश सहाय, नेपाल रवानी की पत्नी सावित्री देवी, पुत्र बिट्टू, अजय रवानी, पुत्रवधू राखी देवी, पूनम देवी समेत पूरे परिवार मौजूद था।