झमाडा की लापरवाही के कारण पानी को फिर से तरसे लाखों लोग, दामोदर नदी के इंटेकवेल में शैवाल फंसने से जलापूर्ति बाधित Dhanbad News
झमाडा कर्मियों व अधिकारियों की लापरवाही के कारण लाखों लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। जामाडोबा जल संयंत्र के दामोदर नदी में लगे इंटेकवेल में शैवाल फंस गया है।
धनबाद, जेएनएन। झमाडा के कर्मियों व अधिकारियों की लापरवाही के कारण झरिया और धनबाद के करीब आठ लाख लोगों को गुरुवार को जलापूर्ति नहीं हो सकी। इससे शहर के लोग परेशान रहे। वहीं, झमाडा अधिकारी का कहना है कि ठंड के कारण पानी में उतरना काफी मुश्किल हो रहा था। झमाडा कर्मी जलापूर्ति कराने में लगे हैं।
दरअसल झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र के दामोदर नदी में लगे इंटेकवेल में शैवाल व जलकुंभी के फंस जाने से इंटेकवेल जाम हो गया है। इसके कारण 12 एमजीडी व 9 एमजीडी फिल्टर प्लांट में जल भंडारण का कार्य बुधवार को बाधित हो गया। इसके कारण गुरुवार को झरिया शहर व इसके आसपास क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। झरिया शहर के अलावा कोयलांचल के लगभग आठ लाख लोगों को पानी नहीं मिला।
झमाडा के अधिकारी पंकज झा ने बताया कि दामोदर नदी में लगे इंटेकवेल की सफाई में कर्मी लगे हैं। गुरुवार की सुबह झमाडा कर्मी दो-दो घंटे के अंतराल में शैवाल व जलकुंभी की सफाई में लगे हैं। अधिकारी का कहना है कि ठंड के कारण पानी में उतरना काफी मुश्किल हो रहा था। झमाडा के अधिकारी भी जलापूर्ति कराने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि रुक रुक कर संयंत्र के फिल्टर प्लांट में जल भंडारण का कार्य किया जा रहा है। झरिया शहर व आसपास के क्षेत्रों में शाम को या शुक्रवार को जलापूर्ति की जाएगी।