भय, भूख, भ्रष्टाचार से मुक्ति को झाविमो की सरकार बनाएं : बाबूलाल
भय भूख व भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहते हैं तो राज्य में झाविमो की सरकार बनायें बाबूलाल
जाटी, भौंरा/चासनाला/बलियापुर : राज्य में गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी चरम सीमा पर है। राज्य के मुख्यमंत्री राज्य में उद्योग लगाने को लेकर देश-विदेश के उद्योगपतियों को सेमिनार कराने में 900 करोड़ उड़ा दिए, लेकिन क्या नया उद्योग राज्य में लगा। राज्य के उद्योग बंद हो गए। लाखों लोग बेरोजगार हो गए। राज्य में दर्जनों लोग भुखमरी के शिकार हो गए। मुख्यमंत्री कहते हैं राज्य में 32 लाख रोजगार दिया गया है। आप सभी जानते हैं कि राज्य में 29 हजार गांव हैं। अगर प्रत्येक गांव में एक भी व्यक्ति को रोजगार मिला है तो खड़ा होकर बताइए। यह बात गौरखुंटी झारखंड मैदान में मंगलवार को झारखंड विकास मोर्चा की जनादेश यात्रा में झाविमो के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य में संसाधनों की कमी नहीं है। फिर भी यहां के लोग बेरोजगार हैं। यहां के कोयले से पूरे देश में बिजली मिलती है। कितु राज्य में महंगी व कम बिजली दी जाती है। राज्य में उद्योग कैसे लगेंगे। आपसे मैं यही कहने आया हूं। कहा कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार को उखाड़ फेंके। झाविमो को मजबूत करें। तभी राज्य में चौमुखी विकास हो पाएगा।
भाजपा सरकार गुंडों को संरक्षण देने में लगी है। गौरखुट्टी की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ। 10 दिन बीतने के बाद भी दुष्कर्मी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हम इस मंच से प्रशासन से अपील करना चाहते हैं कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार करें।
एनआरसी के मुद्दे पर कहा कि भाजपा छह वर्षों से सरकार में है। कितने लोगों को चिन्हित कर देश से बाहर किया। जब चुनाव आता है तो इनको यह सब याद आता है। यदि देश और राज्य में घुसपैठिए हैं तो उन्हें बाहर निकलना होगा। पूर्व मंत्री सबा अहमद ने कहा कि राज्य में महिलाओं की इज्जत व सम्मान के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। इस दौरान होमगार्ड के जवानों ने वेतनवृद्धि को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री को स्मार पत्र सौंपा।
सभा में झाविमो के सचिव सरोज सिंह, केंद्रीय सदस्य योगेंद्र यादव, शाहनवाज हुसैन, दिलीप चक्रवर्ती, प्रदीप रवानी, कासिम अंसारी, चंदन महतो, रज्जाक अंसारी, मुन्ना खान, प्रदीप रवानी आदि थे।