Weather Updates : LockDown को मौसम का ग्रीन सिग्नल; 41 पर पहुंचा कोयलांचल का पारा, गर्मी बढ़ने के संकेत Dhanbad News
Weather Updates मौसम विभाग से जारी सूचना के मुताबिक अभी कई दिनों तक धूप की तपिश बनी रहेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए 14 अप्रैल तक लॉकडाउन है। लोगों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है। लॉकडाउन से 14 के बाद राहत मिलेगी या इसमें विस्तार होगा यह अभी तय नहीं है। पर मौसम भी अब लॉकडाउन के पक्ष में दिख रहा है। अप्रैल के दूसरे हफ्ते में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विभाग ने इसमें और बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग से जारी सूचना के मुताबिक अभी कई दिनों तक धूप की तपिश बनी रहेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। न्यूनतम तापमान भी 20 से 22 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है।
15 व 16 को उत्तर पूर्वी हिस्से में आंधी-बारिश के आसार : अप्रैल के दूसरे हफ्ते के बाद काल बैशाखी का समय आमतौर पर शुरू हो जाता है। 15 अप्रैल से 15 मई तक काल बैशाखी सक्रिय रहता है। ऐसे में 15 अप्रैल के बाद फिर से मौसम में बदलाव का अनुमान है। मौसम विभाग ने 15 व 16 अप्रैल को उत्तर पूर्वी हिस्से में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। उत्तर पूर्वी हिस्से में धनबाद और गिरिडीह समेत संथाल के सभी जिले आते हैं।
14 अप्रैल तक धनबाद का संभावित तापमान
- शुक्रवार- अधिकतम 41, न्यूनतम 21
- शनिवार- अधिकतम 41, न्यूनतम 20
- रविवार- अधिकतम 42, न्यूनतम 20
- सोमवार- अधिकतम 41, न्यूनतम 21
- मंगलवार- अधिकतम 41, न्यूनतम 22