अब 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के सदस्य धनबाद जेल में नहीं बना पाएंगे रंगदारी-हत्या की प्लानिंग
गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है।
धनबाद, जेएनएन। जेल के अंदर से साजिश रच रंगदारी और हत्या की घटनाओं को लगातार अंजाम दे रहे 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' पर धनबाद पुलिस-प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त की अनुशंसा पर जेल आईजी ने गैंग्स के छह सदस्यों को धनबाद से बाहर के जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है।
बाप-बेटे साथ रहेंगे: गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है। यहां पहले से फहीम खान बंद हैं। यानी अब बाप-बेटा दोनों एक साथ रहेंगे। फहीम के भाजे बंटी खान को गिरिडीह, प्रिंस खान को पलामू के मेदिनीनगर, गॉडविन को होटवार राची, गोपी खान को दुमका और इनके शार्गिद रितिक को हजारीबाग जेल में शिफ्ट करने का आदेश जारी किया गया है। ये सभी अलग-अलग जेल में होने पर एक साथ बैठकर रंगदारी और हत्या की योजना नहीं बना पाएंगे।
जेल से रची गई थी रंजीत की हत्या की साजिश: झावियुमो के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह की हत्या पिछले माह हुई थी। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश जेल से ही गैंग्स के सदस्य प्रिंस ने रची थी। इसके बाद धनबाद जेल प्रशासन और एसएसपी ने सभी को बाहर के जेल में शिफ्ट करने के लिए पत्र लिखा था। उपायुक्त ने पत्र को अनुमोदन करते हुए सभी को शिफ्ट करने का आईजी से अनुरोध किया था। गैंग्स के सदस्यों को झारखंड के अलग-अलग जेलों में शिफ्ट करने का आदेश मिलने के बाद शिफ्टिंग की तैयारी शुरू हो गई है। जेल प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होते ही एक-एक कर सबको निर्धारित नए पते पर शिफ्ट कर देगा।