Move to Jagran APP

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद पीएन सिंह को दिखाए तेवर, पांच घंटे रखा हाउस अरेस्ट

सिंदरी नगर भाजपा अध्यक्ष पर जानलेवा हमले में आरोपित लकी सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक धनसार स्थित सांसद पीएन सिंह के आवास पहुंचे।

By mritunjayEdited By: Published: Sat, 27 Oct 2018 03:29 PM (IST)Updated: Sat, 27 Oct 2018 03:29 PM (IST)
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद पीएन सिंह को दिखाए तेवर,  पांच घंटे रखा हाउस अरेस्ट
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद पीएन सिंह को दिखाए तेवर, पांच घंटे रखा हाउस अरेस्ट

 धनबाद, जेएनएन। केंद्र और झारखंड में अपनी ही पार्टी की सरकार होने के बावजूद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पिट रहे हैं। पुलिस भी पीटने वालों का साथ दे रही है। इस हालात से लाचार सिंदरी के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का धैर्य शनिवार को जवाब दे दिया। सिंदरी से धनबाद आकर सांसद पीएन सिंह को पांच घंटे तक उनके ही घर के अंदर हाउस अरेस्ट कर रखा। सांसद ने जब एसएसपी मनोज रतन चोथे को फोन लगाकर हमलावरों पर कार्रवाई नहीं होने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी तो उग्र कार्यकर्या शांत हुए। 

loksabha election banner

सिंदरी नगर भाजपा अध्यक्ष विजय सिंह पर जानलेवा हमले से कार्यकर्ता नाराजः 21 अक्टूर की रात सिंदरी नगर भाजपा अध्यक्ष विजय सिंह और भाजपा के जिला कार्यसमिति सदस्य शैलेश सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। हमलावर जनता मजदूर संघ से जुड़े गाैरव उर्फ लकी सिंह और उनके समर्थक थे। घटना के बाद भाजपा के स्थानीय सांसद पीएन सिंह ने अस्पताल में जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। साथ ही हमलावरों पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात भी की। लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिंदरी पुलिस ने केस को कमजोर करने के साथ ही हमलावरों के साथ है। कार्यकर्ताओं ने सांसद को चेतावनी दी कि अगर हमलावर गिरफ्तार नहीं हुए तो लोकसभा चुनाव में सबक सिखाएंगे। 

8 से 1 तक सांसद का हुआ घेरावः सिंदरी नगर भाजपा अध्यक्ष पर जानलेवा हमले में आरोपित लकी सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह करीब 8 बजे डेढ़ साै की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक धनसार स्थित सांसद पीएन सिंह के आवास पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सहयोगी दलों के नेता और चेंबर के पदाधिकारी भी शामिल थे। सब सांसद को घेर बैठ गए और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जबतक लकी सिंह की गिरफ्तारी नहीं होगी वह उन्हें घर के अंदर ही घेर कर रखेंगे। सब सिंदरी को लकी सिंह के आतंक से मुक्त कराने की मांग कर रहे थे। झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह कार्यकर्ताओं के घेराव के कारण 1 बजे तक घर से बाहर नहीं निकल सके। उन्होंने मोबाइल पर एसएसपी मनोज रतन चोथे फोन को फोन कर लकी सिंह को गिरफ्तार करने को कहा। गिरफ्तारी नहीं होने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। साथ ही सांसद ने कार्यकर्ताओं के आवेदन को एसएसपी को अग्रसारित किया, इसके बाद घेराव समाप्त हुआ। 

सिटी एसपी पीयूष पांडेय करेंगे जांचः सांसद के घर से निकलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस हाउस जाकर एसएसपी मनोज रतन चोथे से मुलाकात कर ज्ञापन साैंपा। हमलावर लकी सिंह और उनके समर्थकों को गिरफ्तार करनेे की मांग की। एसएसपी ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच सिटी एसपी पीयूष पांडेय करेंगे। 

सांसद को घेरने वाले कार्यकर्ताः सांसद को हाउस अरेस्ट करने वालों में भाजपा के प्रकाश बाउरी, अरविंद पाठक, अरविंद खत्री, राकेश सिंह, विमान गोस्वामी, रिंटू ओझा, राकेश तिवारी, आलोक बनर्जी, रंजना शर्मा, चंद्रावती देवी, अली अनवर खान, सिंदरी चेंबर के दीपक कुमार दीपू, झारखंड प्रदेश युवा लोजपा के शैलेंद्र द्विवेदी प्रमुख थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.