Move to Jagran APP

आरएसएस प्रमुख की माैजूदगी में 'खेल महाकुंभ' से निकला अमृत चखेगी भाजपा

देश में ओलंपिक संघ के बाद क्रीड़ा भारती खेल से जुड़ी दूसरी सबसे बड़ी संस्था है। क्रीड़ा भारती का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन 2012 में मध्य प्रदेश के रतलाम में हुआ था।

By mritunjayEdited By: Published: Wed, 19 Dec 2018 04:58 PM (IST)Updated: Wed, 19 Dec 2018 04:58 PM (IST)
आरएसएस प्रमुख की माैजूदगी में 'खेल महाकुंभ' से निकला अमृत चखेगी भाजपा
आरएसएस प्रमुख की माैजूदगी में 'खेल महाकुंभ' से निकला अमृत चखेगी भाजपा
धनबाद, मृत्युंजय पाठक । झारखंड का सियासी माहाैल कुछ ज्यादा ही तल्ख है। वजह साफ है। यहां लोकसभा चुनाव- 2019 के साथ ही विधानसभा चुनाव की चर्चा चल पड़ी है। ऐसे माहाैल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुषंगी इकाई क्रीड़ा भारती का धनबाद में 28, 29 और 30 दिसंबर 2018 को तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है। इस सम्मेलन में दो दिन तक संघ प्रमुख मोहन भागवत माैजूद रहेंगे। उनके प्रस्तावित दाैरे ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में हार से मायूस झारखंड भाजपा में जोश भर दिया है। सफल बनाने के लिए भाजपा के नेता और प्रमुख कार्यकर्ता जोर-शोर से लग गए हैं। आयोजन में कोई कोर-कसर नहीं रह जाए इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री रघुवर दास के निर्देश पर राज्य के खेल मंत्री अमर बाउरी ने धनबाद में डेरा डाल रखा है। मुख्यमंत्री के खास लोग भी तन, मन और धन से लगे हैं। यह खेल महाकुंभ राजनीतिक आयोजन तो नहीं है, बावजूद इससे राजनीतिक अमृत का निकलना स्वभाविक है। यह अमृत चख झारखंड भाजपा लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए चुनावी रण में उतरेगी। 

देश के 450 जिलों से 2100 खिलाड़ी लेंगे भागः देश में ओलंपिक संघ के बाद क्रीड़ा भारती खेल से जुड़ी दूसरी सबसे बड़ी संस्था है। क्रीड़ा भारती का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन 2012 में मध्य प्रदेश के रतलाम और दूसरा राष्ट्रीय सम्मेलन राजस्थान के जयपुर में 2015 में हुआ था। तीसरा धनबाद में होने जा रहा है। इसमें देश के 450 जिलों के 2100 प्रतिभागी भाग लेंगे। इन प्रतिभागियों को खेल का गुर सिखाने के लिए देश के 72 अर्जुन अवार्डी भी माैजूद रहेंगे। क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय सचिव संजय तिवारी कहते हैं- खेल के माध्यम से भारत को दुनिया में महाशक्ति के रूप में स्थापित करना है। खेल की छुपी हुई प्रतिभा को सामने लाना है। उन्होंने कहा, अब तक ओलंपिक में भारत 28 मेडल तक ही पहुंच पाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2032 तक 40 ओलंपिक मेडल लाने की बात कही है। इस लायक क्रीड़ा भारती खिलाड़ियों की फौज खड़ा करनी चाहती है। न सिर्फ शहरों बल्कि गांव-गांव से हम खिलाड़ी तलाश रहे हैं। 

संघ प्रमुख का होगा सार्वजनिक संबोधनः सम्मेलन यहां राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में होगा। इसका उद्घाटन 28 दिसंबर को क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री चेतन चाैहान करेंगे। इस माैके पर मुख्य रूप से आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर के साथ ही भाजपा शासित सभी राज्यों के खेल मंत्री भी भी उपस्थित रहेंगे। संघ प्रमुख का 30 दिसंबर को मेगा स्पोर्ट्स कांपलेक्स नावाडीह में सार्वजनिक संबोधन होगा। इस माैके पर केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौर, मुख्यमंत्री रघुुवर दास समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहेंगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के माहाैल में संघ प्रमुख का संबोधन होगा तो सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहेगा। देश, धर्म, समाज और राजनीति की भी बातें होंगी। उनके संबोधन से भाजपा के पक्ष मे माहाैल बनना भी लाजिमी है। 

संघ के प्रमुख पदाधिकारियों का होने लगा जुटानः सम्मेलन 28 दिसंबर से है लेकिन अब तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए एक सप्ताह का समय रह गया है। ऐसे में संघ के प्रमुख पदाधिकारियों का धनबाद में जुटान होने लगा है। प्रांत प्रचारक रविशंकर, सह प्रांत प्रचारक दिलीप, विभाग प्रचारक गोपाल शर्मा और क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय सचिव संजय तिवारी दिन रात एक किए हुए हैं। मंगलवार की रात आयोजन समिति के अध्यक्ष सह जैक के उपाध्यक्ष फूल सिंह ने धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस माैके पर राष्ट्रीय सचिव संजय तिवारी, जिलाध्यक्ष ललन सिंह, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अमरेश सिंह, प. बंगाल भाजपा किसान मोर्चा के प्रभारी विनय सिंह आदि उपस्थित थे। 
भाजपा के जनप्रतिनिधि और टिकट के दावेदार भी रेसः धनबाद में हो रहे सम्मेलन को लेकर भाजपा के जनप्रतिनिध और पार्टी के अंदर टिकट के दावेदार उनके प्रतिद्वंदी रेस हो गए हैं। स्थानीय सांसद पीएन सिंह और विधायक राज सिन्हा भी सक्रिय हैं। संघ के पदाधिकारियों की नजर में खुद का नबंर बढ़ाने के लिए सब सक्रिय हैं। इसी बहाने कोई अपना टिकट बचाने तो कोई टिकट पाने की जुगत भिड़ा रहा है। 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.