चिरकुंडा में डेंगू से पीड़ित व्यक्ति की मौत, दहशत
मैथन चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या छह निवासी डेंगू से पीड़ित रिजवान खान उर्फ मिस्टर खान की रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मैथन : चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या छह निवासी डेंगू से पीड़ित रिजवान खान उर्फ मिस्टर खान की रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। वार्ड पार्षद मो. आरिफ ने बताया कि उसकी मौत से परिजनों सहित वार्ड के लोगों में नगर परिषद प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है। वहीं उनके परिजन शव लेकर रांची से चल पड़े है। देर रात तक पहुंचने की सूचना है। जानकारी हो कि मो. रिजवान पिछले सप्ताह से बीमार था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ तो परिजन बीते बुधवार को उसे इलाज के लिए रांची रिम्स ले गए। जहां जांच पड़ताल के बाद चिकित्सकों ने उसे डेंगू से पीड़ित बताया। चिकित्सकों ने डेंगू का इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के चार पुत्र हैं। इनमें एक की उम्र 13 वर्ष, 11 वर्ष, 09 वर्ष व सबसे छोटा पुत्र 06 वर्ष का है। मृतक साड़ी का व्यवसाय करता था। नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ आक्रोश : वार्ड पार्षद मो. आरिफ सहित वार्ड के लोगों का कहना है कि इन दिनों पूरे नगर परिषद क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद नगर परिषद ने आज तक मच्छरों को मारने के लिए दवा का छिड़काव नहीं किया। लोगों का कहना है कि नगर परिषद में मच्छर मारने के लिए दो-दो फॉगिंग मशीन की खरीदारी की गई है। लेकिन दोनों मशीनें नगर परिषद कार्यालय में शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं। वहीं नगर परिषद कार्यालय कर्मियों का कहना है कि बड़ा मशीन खरीदने के बाद से एक या दो बार ही उससे दवा का छिड़काव किया गया है। वहीं छोटे मशीन से पिछले वर्ष एक या दो बार उसका इस्तेमाल किया है। लोगों ने बताया कि बार-बार कहने के बाद भी दवा का छिड़काव नहीं किया गया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।