अंतिम सोमवारी पर दूध-दही से महादेव का अभिषेक
धनबाद : सावन की अंतिम सोमवारी पर शहर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे। मं
धनबाद : सावन की अंतिम सोमवारी पर शहर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे। मंदिरों व शिवालयों में भगवान शिव को जलार्पण किया गया। भुईफोड़ मंदिर, गोल्फ ग्राउंड खड़ेश्वरी मंदिर, माडा कॉलोनी शिव शक्ति मंदिर, शक्ति मंदिर, राम मंदिर, बरटांड़ शिवमंदिर, झारूडीह शिव मंदिर, धीरेंद्र पुरम शिव मंदिर, धैया शिव मंदिर, सरायढेला, कोयला नगर शिव मंदिर, बस्तकोला शिव मंदिर में शिव भक्तों ने सोमवारी की पूजा की। शिव भक्तों ने बेलपत्र, दूध और फल-फूल से भगवान भोले की पूजा की। शक्ति मंदिर में शिवजी को दूध, दही, मधु, घी समेत गन्ने के रस से अभिषेक किया गया और बेल पत्र चढ़ाया गया। 150 किलो दूध से खीर बनाकर भक्तों के बीच वितरण किया गया। शाम को महिला मंडल द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया गया।
शक्ति मंदिर में शिव शक्ति जागरण
शक्ति मंदिर में शिव शक्ति रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। पूरी रात शिव भगवान का जागरण चला। गायक मनोज सेन एवं गौरव अरोड़ा ने शिव भगवान पर भजन प्रस्तुत किए, जिसका भक्तों ने खूब आनंद उठाया।
25 हजार कांवरिए उठा चुके लंगर का आनंद
श्रमिक चौक दुर्गा मंडप में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति व साई बाबा सेवा समिति द्वारा चलाए जा रहे कांवरिया शिविर में अबतक 25 हजार कांवरिए लंगर का आनंद उठा चुके हैं। समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कांवरियों की सेवा के लिए 29 जुलाई से कांवरिया शिविर चलाया जा रहा है। बुधवार को शिविर का समापन होगा। उस दिन 21 जोड़े गायत्री मंत्र के साथ हवन करेंगे। शाम को महा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। शिविर को सफल बनाने में द्वारिका प्रसाद तिवारी, भरतजी भगत, मंजीत सिंह, गणेश शर्मा, सुशील श्रीवास्तव, नीरज साहा, संजय कुमार, अशोक पंडित आदि लगे हुए हैं।