यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मांं विपदतारिणी की पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, महिलाओं ने मां से की सुख और समृद्धि की कामना
विपदतारिणी पूजा को लेकर शहर के पुराना बाजार स्थित काली मंदिर हीरापुर हरि मंदिर सरायढेला दुर्गा मंदिर माझेरपाड़ा दुर्गा मंदिर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबादः परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलकामना के लिए शनिवार को महिलाओं ने उपवास रखा और मांं विपदतारिणी की धूमधाम से पूजा की। पूजा को लेकर शहर के मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही जमा होने लगी थी। महिलाओं ने 13 प्रकार के फल, फूल व मिठाइयों का भोग लगाकर मां की आराधना की और परिवार की खुशहाली की कामना की।
विपदतारिणी पूजा को लेकर शहर के पुराना बाजार स्थित काली मंदिर, हीरापुर हरि मंदिर, सरायढेला दुर्गा मंदिर, माझेरपाड़ा दुर्गा मंदिर, कोयला नगर मंदिर, मनईटांड़ हरि मंदिर सहित अन्य स्थानों पर चहल-पहल रही। महिलाओं ने मां की पूजा-आराधना कर कथा का श्रवण किया। पूजा को लेकर पुराना बाजार काली मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां दिनभर पूजा करने के लिए महिलाओं की कतार लगी रही।

बंगाली समुदाय में विपदतारिणी पूजा को लेकर दिखा उत्साह
शहर के सभी मंदिरों में विपतारिणी पूजा को लेकर महिलाओं में काफी उमंग थी। पूजा को लेकर खासकर बंगाली समुदाय में काफी उत्साह नजर आया। हीरापुर दुर्गा मंदिर के समक्ष रहने वाली महिलाएं देवी विपतारिणी की पूजा के लिए कई दिन पहले से ही तैयारी में जुट गई थीं। ऐसा माना जाता है कि इस पूजा को करने से घर परिवार पर आने वाला संकट दूर हो जाता है। यह पूजा घर की माताएं करती हैं।

महिलाएं अपने घर के प्रत्येक सदस्य के नाम पर बाजू में बांधने के लिए अलग-अलग दुब घास से रक्षा सूत्र आयोजित पूजा स्थल पर तैयार करती हैं और पूजा के बाद इस रक्षा सूत्र को परिवार के प्रत्येक सदस्य की बाजू में हर विपत्ति से रक्षा करने के लिए बांधती हैं।

रथयात्रा के बाद अगले मंगलवार या शनिवार को की जाती है विपदतारिणी पूजा
मनईटांड़ हरि मंदिर के पुजारी शंंकर पांंडेय ने बताया कि रथयात्रा के बाद अगले मंगलवार या शनिवार को मां विपदतारिणी की पूजा आयोजित की जाती है। बताया कि इस दिन महिलाएं खासतौर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर विधि विधान से पूजा आराधना कर शनिवार को मांं विपतारिणी की पूजा की। इसकेे अलावा कई महिला श्रद्धालुओं ने आगामी मंगलवार को मांं विपतारिणी की पूजा आयोजन करेगी।
