Godda Crime News: लोहे की चेन में बांध दो दिन तक नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपित को ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला
रिंचू सोरेन पर गांव की एक किशोरी छात्रा को अगवा करने का आरोप है। तीसरी कक्षा की छात्रा की उम्र महज 12 वर्ष है। अगवा कर जंगल में ले गया। जंगल में लोहे की चेन से बांधकर दो दिन तक रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
संवाद सहयोगी,बोआरीजोर(गोड्डा)। किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने के आरोपित बोआरीजोर के कोल्हुआ गांव के युवक 38 वर्षीय रिंचू सोरेन को ग्रामीणो ने जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी हुए रिंचू को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां उसकी माैत हो गई। इस मामले में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के भाई की प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक युवक रिंचू सोरेन पर गांव की एक किशोरी छात्रा को अगवा करने का आरोप है। तीसरी कक्षा की उक्त छात्रा की उम्र महज 12 वर्ष है। छात्रा को दुष्कर्म की नीयत से अगवा कर जंगल में ले गया। जंगल में लोहे की चेन से बांधकर दो दिन तक रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। गुरुवार को स्वजन व ग्रामीणों ने खोजबीन कर छात्रा सहित आरोपित रिंचू सोरेन को रोहड़ी नारायणपुर गांव के पास जंगल से बरामद किया था। इसके बाद ग्रामीण दोनों को कोल्हुआ लेकर पहुंचे, वहां उग्र ग्रामीणों ने आरोपित युवक की जमकर पिटाई की। बाद में बोआरीजोर पुलिस ने उसे ग्रामीणों से छुड़ा कर इलाज के लिए बोआरीजोर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी कश्यप गौतम ने बताया कि ग्रामीणों की पिटाई से घायल कोल्हुआ निवासी एक युवक की मौत गुरुवार को बोआरीजोर अस्पताल में हो गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी कोल्हुआ गांव पहुंच कर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।