मासस निरसा बचाने को दे सकती लोकसभा सीट की कुर्बानी
धनबाद भाजपा गठबंधन को लोकसभा व विधानसभा में शिकस्त देने के लिए विपक्षी दल महागठबंधन कर रहे हैं
धनबाद : भाजपा गठबंधन को लोकसभा व विधानसभा में शिकस्त देने के लिए विपक्षी दल महागठबंधन कर रहे हैं। महागठबंधन को विधानसभा तक बरकरार रखना चाहती, लेकिन जो रणनीति तय हो रही है उससे लग रहा है कि मार्क्सवादी समन्वय समिति निरसा विधानसभा बचाने के लिए धनबाद लोकसभा सीट की कुर्बानी दे सकती है। वैसे मासस विधायक अरूप चटर्जी का कहना है कि अभी तय नहीं हुआ है। पार्टी के वरीय नेताओं के साथ बैठक कर इस पर तय किया जाएगा।
निरसा विधानसभा की सीट मार्क्सवादी समन्वय समिति का गढ़ है। 2014 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो मासस के अरुप चटर्जी ने कांटे की टक्कर के बाद जीत हासिल की थी। भाजपा के गणेश मिश्रा ने उन्हें कड़ी टक्कर दी। ऐसा लग रहा है कि बिना गठबंधन के इस किला को फतेह करने में दिक्कत आ सकती है। 2014 के विधानसभा में मासस को 51581 मत मिले जबकि भाजपा को 50546 मत प्राप्त हुआ। मासस के अरुप ने भाजपा के गणेश मिश्रा को 1035 मत से शिकस्त दी। वहीं लोकसभा में निरसा विधानसभा में भाजपा को अधिक मत मिला था।