Lockdown Violation: सालगिरह पर जलसा पड़ा मंहगा; 22 दिन बाद उद्योगपति समेत 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, बड़े अधिकारी भी हुए थे शरीक
Lockdown violation एसडीएम राज महेश्वरम के आदेश पर धनबाद के अंचलाधिकारी प्रशांत लायक ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में राजीव अग्रवाल समेत 40 को अभियुक्त बनाया गया है।
धनबाद, जेएनएन। Lockdown violation शहर के धैया स्थित जगदंबा निवास में रहने वाले उद्योगपति राजीव अग्रवाल को बगैर इजाजत लॉकडाउन के दाैरान शादी की सालगिरह पर जलसा करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया में चले अभियान के बाद आखिर प्रशासन ने जलसा के 22 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में अग्रवाल समेत 40 अन्य लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। जलसा में धनबाद के एक बड़े अधिकारी के भी शामिल होने की चर्चा है। अधिकारी का यहां से तबादला हो चुका है। हालांकि प्राथमिकी में अधिकारी का कोई जिक्र नहीं है।
दरअसल, कोरोना वायरस के खतरे को लेकर लागू पाबंदियों के बीच 2 जुलाई को धैया के उद्योगपति राजीव अग्रवाल ने अपनी शादी की सालगिरह मनाई थी। इसकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई। जिसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम के आदेश पर धनबाद के अंचलाधिकारी प्रशांत लायक ने राजीव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उनके अलावा 40 अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। इस कार्रवाई के बाद धनबाद के रसूखदारों में हड़कंच मच गया है।
सीओ लायक की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले दिनों जगदंबा निवास धैया निवासी उद्योगपति राजीव अग्रवाल ने अपनी शादी की सालगिरह पर एक भव्य भोज का आयोजन अपने आवास में किया था। इस आयोजन में शहर के करीब 40 गणमान्य लोग शामिल हुए थे। इस आयोजन के लिए कोविड-19 और लॉकडाउन प्रावधानों के अनुसार आदेश नहीं लिया गया था। बिना आदेश के यह आयोजन प्रशासन से छुपाकर किया गया। इसी मामले में धनबाद थाना की पुलिस ने राजीव अग्रवाल एवं अन्य 40 के खिलाफ कोविड-19 और लॉकडाउन उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।