कोल डंप पर वर्चस्व के लिए फायरिंग, लोडिंग सरदार को लगी गोली Dhanbad News
धर्मा को गोधर कोल डंप में एक ट्रक कोयला लोडिंग के लिए मिला था। लोडिंग के लिए वह इंतजार कर रहा था कि इसी बीच घटना घट गई। मामले में काली बस्ती के छोटू का नाम आ रहा है।
केंदुआ, जेएनएन। वर्चस्व को लेकर जंग में गोधर 14 नंबर कोल डंप में गोली चल गई। इसमें गोधर काली बस्ती का युवक धर्मा राम (27) घायल हो गया। वह लोडिंग सरदार का काम करता है। मंगलवार अपराह्न लगभग तीन बजे सीआइएसएफ चेकपोस्ट के पास यह घटना हुई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बाद में केंदुआडीह पुलिस पहुंची और धर्मा राम को पीएमसीएच में भर्ती कराया।
घायल युवक ने केंदुआडीह पुलिस को फर्द बयान में कहा कि कोल डंप के पास दो पक्षों के बीच बकझक हो रही थी। वह बीच-बचाव करने गया था। इसी दौरान छोटू कुमार उर्फ पर्वत राम, तरुण कुमार और बस्ती के विनय चौहान का साला और दो-तीन अज्ञात लोग सीआइएसएफ चेकपोस्ट के पास पहुंचे। छोटू (22) ने पिस्टल निकालकर दो गोली चलाई जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद उसकी बहन के चिल्लाने पर शशिरंजन राम और डंप के अन्य मजदूर दौड़ पड़े। तब तक हमलावर समेत सभी मोटरसाइकिल से भाग निकले। केंदुआडीह पुलिस कांड अंकित कर पड़ताल कर रही है। युवक जमसं (बच्चा गुट) के नेता सुधीर राम के दंगल का मजदूर बताया जाता है।
जानकारी मिलने पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) मुकेश कुमार और केंदुआडीह थाना प्रभारी बीर कुमार धर्मा के घर गए और उसकी मां, भाभी व परिजनों से पूछताछ की। धर्मा की मां और भाभी ने बताया कि धर्मा दो महीने बाहर से काम कर मंगलवार सुबह ही घर लौटा था। उसे गोधर कोल डंप में एक ट्रक कोयला लोडिंग के लिए मिला था। लोडिंग के लिए वह इंतजार कर रहा था कि इसी बीच घटना घट गई। मामले में गोधर काली बस्ती के छोटू और तीन-चार अन्य के नाम सामने आ रहे हैं। छोटू काली बस्ती के डॉ राजेश्वर दास का पुत्र है। उसपर केंदुआडीह थाना में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। आठ अगस्त 18 को आर्म्स एक्ट तथा 16 अगस्त 19 को छिनतई व छेडख़ानी के मामले हैं। छिनतई और छेडख़ानी का मामला गोधर काली बस्ती के भगवान राम की पत्नी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। वहीं धर्मा के खिलाफ केंदुआडीह थाना में हथियार के बल पर डेको आउटसोर्सिंग का काम बंद कराने का केस दर्ज है। इसमें वह जमानत पर है।
दूसरा मामला धर्मा की पत्नी ने प्रताडऩा को लेकर दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले को डॉ. दास और भगवान राम के बीच वर्षों से चली आ रही रंजिश से जोड़कर देख रही है। थाना प्रभारी बीर कुमार के अनुसार दोनों पक्षों के बीच 16 अगस्त को भी मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष के भगवान राम और दूसरे पक्ष के गोपाल राम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस का यह भी मानना है कि छोटू और धर्मा के बीच पहले कोई विवाद होने की बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच हो रही है।
शाम साढ़े चार बजे के आसपास धर्मा को पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। यहां डॉक्टरों के साथ बकझक हो गई। इसके बाद दोनों ओर से तनातनी हो गई। किसी तरह मामला शांत हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। धर्मा को एक गोली छूकर निकल गई जबकि दूसरी गोली पेट के निचले हिस्से में लगी है।