Jharkhand Assembly Election 2019 : 'IIT जनप्रतिनिधियों की नहीं छात्रों के आंदोलन की देन, लोगों में भ्रम फैला रही भाजपा'
लोजपा प्रत्याशी विकास रंजन ने कहा कि भाजपा के नेता जिस आइएसएम को आइआइटी का दर्जा दिलाने के लिए अपनी पीठ ठोक रहे हैं यह उनकी नहीं बल्कि छात्रों के आंदोलन की देन है।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 केंद्र व बिहार में भाजपा की सहयोगी पार्टी लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा पर वार तेज कर दिया है। धनबाद से लोजपा प्रत्याशी विकास रंजन ने गुरुवार को गोधर में धनबाद भाजपा विधायक व सांसद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जिस आइएसएम को आइआइटी का दर्जा दिलाने के लिए अपनी पीठ ठोक रहे हैं, यह उनकी नहीं बल्कि छात्रों के आंदोलन की देन है।
विकास रंजन ने कहा कि भाजपा नेताओं अथवा यहां के जनप्रतिनिधियों ने इसके लिए कुछ नहीं किया है। इसी तरह से डीसी लाइन चालू कराने में भी जन आंदोलन का ही योगदान रहा है। इसको लेकर भी यहां के कुछ जनप्रतिनिधि क्षेत्र के लोगों को गुमराह कर श्रेय लेने की होड़ में लगे हुए हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से सचेत रहने को कहा।
गौरतलब है कि लोजपा केंद्र की मोदी सरकार व बिहार की नीतीश सरकार में एनडीए का हिस्सा है। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले ही लोजपा ने जदयू की तर्ज पर राज्य में भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। लोजपा झारखंड चुनाव में रघुवर सरकार से उनके पांच साल के काम का हिसाब मांग रही है। इधर, केंद्र व बिहार में भाजपा का एक अन्य सहयोगी जदयू भी झारखंड में अलग चुनाव लड़ रहा है।
विधायक ने नहीं किया काम तो लोग खोज रहे ऑपशन
वहीं धनसार में झाविमो प्रत्याशी सरोज सिंह ने कहा कि आज जनता निर्वतमान विधायक राज सिन्हा का ऑपशन खोज रही है। यदि सिन्हा काम किए होते तो जनता के सामने यह स्थिति नहीं आती। सरोज ने कहा कि शहर जाम और ट्राफिक की समस्या से जूझता रहा है। इस स्थिति से निपटने के लिए भाजपा विधायक और सांसद ने कोई काम नहीं किया।