Giridih Coronavirus News Update : गिरिडीह में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, पिछले चार दिन में मिले 5 मरीज
LIVE Giridih Coronavirus News Update झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। पीएमसीएच धनबाद ने देर शाम इसकी पुष्टि की।
धनबाद, जेएनएन। Giridih Coronavirus News Update झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। पीएमसीएच धनबाद ने देर शाम इसकी पुष्टि की। इसी के साथ जिले में पिछलें चार दिन में कोरोना मरीजों की संख्या 5 हो गई है। इससे पहले सोमवार की शाम को भी एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला था, जो गांडेय प्रखंड का रहने वाला है। वह सात मई को सूरत से लौटा है।
गिरिडीह जिले में मंगलावर तक कोरोना पॉजिटिव के पांच केस मिले हैं। इनमें से चार प्रवासी मजदूर हैं और वे हाल ही में गुजरात के सूरत से लाैटे हैं। झारखंड में सबसे ज्यादा प्रवासी मजदूरों की गिरिडीह जिले में ही वापसी हो रही है। प्रवासी मजदूर पहुंचने के बाद गांव-मोहल्ले में घूम रहे हैं। सूरत से आए चार प्रवासी जिस तरह कोरोना संक्रमित मिले हैं। उसे देखते हुए गिरिडीह में बड़े पैमाने पर कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना है।
गिरिडीह जिले में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को एक और कोराना संक्रमित मरीज मिला है। वहीं, सोमवार की देर रात जमुआ प्रखंड के मेढ़ो चपरखो पंचायत के चनमनो गांव के एक 25 वर्षीय प्रवासी मजदूर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि गिरिडीह के डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने की थी। इसके बाद देर रात को ही पीड़ित मजदूर को गिरिडीह के एएनएम स्कूल स्थित आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट करा दिया गया।
इधर, युवक के कोरोना पीड़ित होने के बाद मंगलवार की सुबह से ही मेढ़ो चपरखो पंचायत एवं आसपास के इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पीड़ित युवक के साथ स्कूल में क्वारंटाइन सभी प्रवासी मजदूरों को भी आइसोलेशन सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
विदित हो कि छ: मई को सूरत से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से गिरिडीह जिले के करीब एक हजार प्रवासी मजदूर घर लौटे थे। इस ट्रेन से लौटे प्रवासी मजदूरों में से जमुआ प्रखंड के दो एवं बिरनी प्रखंड के दो मजदूर अब तक कोरोना पीड़ित मिले हैं। चारों को एएनएम स्कूल में बने आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। इधर गिरिडीह के डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि अब तक सूरत से आए चार मजदूर कोरोना वायरस से पीड़ित मिले हैं। उन्होंने बताया कि गिरिडीह जिले में पीड़ित लोगों की संख्या और बढ़ सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। पीड़ित लोग स्वस्थ होकर घर भी लौट रहे हैं।
चनमनो गांव का पीड़ित युवक अपने 17 साथियों के साथ सूरत से छ: मई को गिरिडीह लौटा था। यहां लौटने के बाद जमुआ प्रखंड के मिर्जागंज में सभी की चिकित्सीय जांच की गई थी। चनमनो गांव के इस युवक का स्वाब जांच के लिए भेजा गया था। इसके बाद प्रशासन ने सभी 17 मजदूरों को गांव के किनारे स्थित बंद पड़े उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मेढ़ो में क्वारंटाइन किया गया था। सोमवार देर रात युवक के संक्रमित होने की सूचना मिलते ही खलबली मच गई।