Corona in Dhanbad News Update : रिम्स से कोरोना पॉजिटिव बच्चे के साथ भागे माता-पिता को पुलिस ने पकड़ा, कोविड अस्पताल में आइसोलेट
LIVE Corona in Dhanbad News Update बच्चे को 12 जून को रिम्स भर्ती किया गया था। उसे पेशाब के रास्ते में संक्रमण था। यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती किया गया था।
धनबाद, जेएनएन। LIVE Corona in Dhanbad News Update राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) रांची के कोविड वार्ड से डेढ़ साल के कोरोना संक्रमित बच्चे को लेकर भागे साथ उसके माता-पिता पकड़ में आ गए हैं। बच्चे को भी कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल, बीसीसएल) में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। उसके माता-पिता को भी आइसोलेट किया गया है। माता-पिता द्वारा कोरोना संक्रमित बच्चे को लेकर रिम्स से भाग जाने के बाद रांची से लेकर धनबाद तक हलचल मच गई। तलाश में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी परेशान रहे। बाद में धनबाद जिले के तोपचांची प्रखंड की खरियो पंचायत के भेंडरीटोला में बच्चे और उसके माता-पिता को पुलिस ने पकड़ा।
अभिभावक की लापरवाही की वजह से धनबाद में एक बार फिर कोरोना के संक्रमण का खौफ पसर गया है। दरअसल, रिम्स में बरवाअड्डा के जयनगर गांव का एक डेढ़ वर्ष का कोरोना संक्रमित बच्चा भर्ती था। मंगलवार को उसके माता-पिता चुपके से उसे वहां से लेकर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव आ गए। गांव में पुलिस पहुंची तो माता-पिता बच्चे को लेकर भेंडरीटोला पहुंच गए। भेंडरीटोला में बच्चे का नानीघर है। आसपास के लोगों को जैसे ही पता चला तो विरोध शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। स्वास्थ विभाग तुरंत हरकत में आ गया और तत्काल डॉक्टरों की टीम भेजी। इसके बाद एंबुलेंस से बच्चे को लाकर सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बच्चे के माता-पिता सहित तीन लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। रिम्स से लौटने के बाद गोमो और बरवाअड्डा में जितने लोग उनके संपर्क में आए, उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है।
बच्चे को 12 जून को रिम्स भर्ती किया गया था। उसे पेशाब के रास्ते में संक्रमण था। यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती किया गया था। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद 14 जून को कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया। इसी दाैरान एक मरीज की मृत्यु हो गई। इसके बाद बच्चे को लेकर उसके माता-पिता वार्ड से भाग निकले।