Weather Update : 27 तक धूप-छांव के बीच जारी रहेगी बूंदाबांदी, लो प्रेशर के कारण प्रभावित हो सकता है मानसून Dhanbad News
असम का लो प्रेशर लंबी अवधि तक बना रहा तो मानसून के प्रभावित होने की भी संभावना है। मॉनसून में अच्छी बारिश तभी होगी जब सतह गर्म हो पर लगातार बारिश से सतह की गर्मी कम होगी।
धनबाद, जेएनएन। धूप छांव के बीच एकाएक आसमान में बादल छा गए और फुहारें बरस जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से मौसम में ऐसा परिवर्तन दिखने को मिल रहा है। अगले 27 अप्रैल तक यह परिस्थिति बने रहने का अनुमान है। इस बदलाव की वजह असम में ताकतवर लो प्रेशर का बनना है। असम की ओर जा रहे बादलों से यहां भी बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो रही है।
मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव के अनुसार 27 अप्रैल तक ऐसी परिस्थिति बने रहने की संभावना है। इस दौरान 24 या 25 को धनबाद और उसके आसपास तेज बारिश भी हो सकती है। राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में इसका ज्यादा प्रभाव दिख सकता है। डॉ. यादव ने बताया कि असम के लो प्रेशर के केंद्र बदलने तक यह परिस्थिति बने रहने के आसार हैं।
प्रभावित हो सकता है मानसून : हाल में ही भारतीय मौसम विभाग ने इस वर्ष मानसून सामान्य रहने का अनुमान जताया है। इस बारे में डॉ. यादव का कहना है कि अगर असम का लो प्रेशर लंबी अवधि तक बना रहा तो इससे मानसून के प्रभावित होने की भी संभावना है। क्योंकि मॉनसून में अच्छी बारिश तभी होती है जब सतह गर्म हो। पर लगातार बारिश से सतह की गर्मी कम होगी जिससे मानसून प्रभावित हो सकता है।