सड़क निर्माण के लिए अधिक जमीन के सीमांकन का विरोध
कांको मोड़ से बिनोद बिहारी महतो चौक तक आठ लेन सड़क निर्माण के कार्य का विरोध किया।
संस, तेतुलमारी : कांको मोड़ से बिनोद बिहारी महतो चौक तक आठ लेन सड़क निर्माण के कार्य के सीमांकन को लेकर शक्ति चौक के तपोवन समीप स्थानीय रैयतों ने हंगामा किया। शनिवार सुबह सड़क के लिए सीमांकन किया जा रहा था। तभी वहां ग्रामीण पहुंच गये और मापी से अधिक जमीन लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
पूर्व मुखिया नरेश महतो मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत करवाया। साइट इंचार्ज अमित झा से पुन: मापी करने को कहा। पुन: मापी करायी गई तो सड़क की सीमा से दोनों तरफ सात-सात फीट अधिक दूरी पर रैयती जमीन पर पिलर गड़ा पाया गया। इसके बाद सही जगह पर सीमांकन किया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी हो कि गोल बि¨ल्डग से बिनोद बिहारी महतो चौंक भाया कांको मोड़ तक आठ लेन सड़क का निर्माण किया जाना है। टेंडर भी हो चुका है। टेंडर त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन को मिला है। छह लेन बड़ी गाड़ियों तथा दोनों तरफ एक-एक लेन साइकिल की आवाजाही के लिए बनाया जाना है।
विरोध करनेवालों में पप्पू कुमार महतो, दुर्योधन महतो, कैलाश महतो, आनंद महतो, मटुकधारी महतो, देवनारायण महतो, तारकेश्वर महतो, सुरेश रवानी, विजय महतो, बड़कू महतो आदि थे।