Indian Idol Season 12: धनबाद के कुशान सेनगुप्ता का इंडियन आइडल के टीवी राउंड में चयन, दोस्त दे रहे विजयी होने की दुआएं
Indian Idol Season 12 धनबाद के रहने वाले कुशान वर्तमान में कालिंगा इंस्टीच्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी से बीटेक कर रहे हैं। चयन की सूचना के बाद परिवार में जश्न-ए-बहारा है।
धनबाद, जेएनएन। पूजा चटर्जी, म्यांग चांग और अभिषेक मिश्रा। ये धनबाद के युवाओं के नाम हैं जिन्होंने इंडियन आइडल के मंच पर सफलता का डंका बजा कर अपनी कला की काबिलियत पेश की। धनबाद का एक और युवा इंडियन आइडल के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। टीवी शो इंडियन आइडल के टीवी राउंड में धनबाद के कुशानसेन गुप्ता का चयन हुआ है। चयन को लेकर आयोजकों की ओर से कुशान को ईमेल प्राप्त हो गया है। जगजीवन नगर के विकास नगर में रहने वाले कुशान वर्तमान में कालिंगा इंस्टीच्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी से बीटेक कर रहे हैं। चयन की सूचना मिलने के बाद परिवार में जश्न-ए-बहारा है। दोस्त और शुभंचिंतक अगले राउंड में विजयी होने के लिए दुआएं दे रहे हैं।
कुशान ने बताया कि इंडियन आइडल सीजन 12 के लिए उन्होंने ऑनलाइन ऑडिशन दिया था। तीन चरणों में संपन्न हुए ऑडिशन के बाद उनका चयन अब टीवी राउंड के लिए हुआ है। कुशान ने बताया कि ऑडिशन देने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी, लेकिन जब ईमेल प्राप्त हुआ तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कुशान के अनुसार इंडियन आइडल में जो भी मुकाम हांसिल होगा वह धनबाद के नाम रहेगा।
कुशान के पिता संजय सेनगुप्ता कोलकाता के एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां काकोली दास शर्मा डीएवी कोयला नगर में शिक्षिका हैं। पिता संजय ने बताया कि कुशान बचपन से ही अपनी पढ़ाई के साथ संगीत की शिक्षा भी ले रहा है। प्रारंभिक संगीत गुरु कोलकाता के पंडित अजय चक्रवर्ती रहे। इसके बाद पंडित समरेश चौधरी से संगीत की शिक्षा ग्रहण की। वर्तमान में पंकज दुबे से संगीत सीख रहा है।