विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ की हकीकत से सामना, यूपी के गोंडा की कुमकुम को लगी गोली; अंधाधुंध फायरिंग में बाल-बाल बची जान

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:51 PM (IST)

Gangs of Wasseypur: धनबाद के वासेपुर में 19 वर्षीय कुमकुम खातून अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आ गईं, जिसमें वह घायल हो गईं लेकिन उनकी जान बच गई।

धनबाद के अस्पताल में इलाजरत कुमकुम खातून। ((फोटो जागरण)

धनबाद के अस्पताल में इलाजरत कुमकुम खातून। ((फोटो जागरण)

HighLights

  1. धनबाद के वासेपुर में कुमकुम खातून को लगी गोली।

  2. गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू को निशाना बनाया गया।

  3. मौसी चंदा खातून ने अपनी भांजी को बहादुरी से बचाया।

डा. मोहन कुमार गोप, धनबाद। झारखंड के धनबाद के वासेपुर की गलियों और अपराध की दुनिया को बड़े पर्दे पर दिखाने वाली फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ तो खूब चर्चित हुई, लेकिन इसी वासेपुर की हकीकत से 19 वर्षीय कुमकुम खातून का सामना किसी फिल्मी कहानी की तरह नहीं, बल्कि खौफनाक तरीके से हुआ।

उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली कुमकुम सोमवार 21 सितंबर को अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आ गई, जब गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज रहा था। गोली लगने के बावजूद संयोग से उसकी जान बच गई। घायल कुमकुम का धनबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यूपी के गोंडा की रहने वाली कुमकुम खातून यहां अपने नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। वह अपने खाला (मौसी) चंदा खातून के साथ पुराना बाजार खरीदारी करने जा रही थी। भूली मोड़ के पास से गुजर रही थी तभी दो बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। 

अपराधियों ने दस राउंड से ज्यादा फायरिंग की। इसकी चपेट में कुमकुम आ गई। अपराधी गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू को लक्ष्य कर फायरिंग कर रहे थे। इस खूनी संघर्ष के बीच कुमकुम की खाला चंदा खातून किसी फरिश्ते की तरह सामने आईं।

चंदा ने हमलावरों की गोलियों की बौछार के बीच अदम्य साहस दिखाते हुए अपनी भांजी को पकडकर जमीन पर बैठ गईं। हालांकि एक गोली कुमकुम को लग गई। घायल कुमकुम को तुरंत अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों की टीम ने आपरेशन कर गोली के छर्रे बाहर निकाल दिया। मंगलवार को डाक्टरों ने बताया कि कुमकुम की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

अस्पताल के बिस्तर से कुमकुम ने अपने स्वजनों को बताया कि उसने अपने जीवन में ऐसा भयानक मंजर पहले कभी नहीं देखा था। उसने कहा कि फिल्मों में जो देखा था, वह अब सच में आंखों के सामने था।

खुदा का शुक्र है कि मेरी खाला की वजह से आज हम दोनों महफूज हैं। इस बीच, मंगलवार को गोंडा (यूपी) से कुमकुम के कई रिश्तेदार उसका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।