धनबाद को मिलेगी पटना की सीधी ट्रेन! कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी विस्तार का प्रस्ताव मुख्यालय को
कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के धनबाद तक विस्तार की उम्मीद है, जिसके लिए रेलवे मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।

दानापुर-कोडरमा इंटरसिटी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोडरमा से दानापुर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का धनबाद तक विस्तार की उम्मीद है। रेलवे इसकी संभावना तलाश रही है। स्थानीय विधायक राज सिन्हा ने ट्रेन का विस्तार का सुझाव दिया था।
इसके जवाब में डीआरएम अखिलेश मिश्र ने विधायक को बताया कि संबंधित सुझाव व प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।
13234 दानापुर-कोडरमा इंटरसिटी दानापुर से सुबह 6:40 पर खुल कर दोपहर 2:10 पर कोडरमा पहुंचती है।
13233 कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस कोडरमा से दोपहर 2:40 पर खुल कर रात 9:45 पर दानापुर पहुंचती है। ट्रेन के धनबाद तक विस्तार हो जाने से धनबाद से पटना समेत नालंदा व राजगीर के लिए भी सीधी ट्रेन मिल सकेगी।
सुबह पटना से चल कर दोपहर में धनबाद और शाम में धनबाद से पटना पहुंचने का विकल्प मिल जाएगा।
