संप्रेषण गृह में चाकू और मोबाइल से खेल रहे बाल बंदी, कभी भी सुरंग बना हो सकते फुर्र Dhanbad News
संप्रेषण गृह में बाल बंदियों के बीच अक्सर मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। इस दौरान इन औजारों का उपयोग किया जा सकता था।
धनबाद [ चरणजीत सिंह ]। भूदा स्थित बाल संप्रेषण एवं विशेष गृह कभी भी बड़ी घटना का गवाह बन सकता है। इसका खुलासा बाल संप्रेषण गृह के औचक निरीक्षण में हुआ है। इस दौरान बाल बंदियों के पास से कई मोबाइल फोन, चाकू, प्लास, बिजली के तार, कैंची आदि आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं। उनके पास ये कैसे पहुंचा, यह गंभीर मामला है।
संप्रेषण गृह में बाल बंदियों के बीच अक्सर मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। इस दौरान इन औजारों का उपयोग किया जा सकता था। 18 जनवरी को विशेष गृह के होमगार्ड व किशोर की शिकायत पर किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान दंडाधिकारी संगीता ने संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान बाल बंदियों से बरामद सामान की 15 गवाहों के समक्ष जब्ती सूची बनाकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सौंपी गई। इस पर सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार अर्पित श्रीवास्तव ने डीसी को पत्र लिखकर वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का निर्देश दिया है। बाल सुधार गृह में कैदी नशे का सेवन कर रहे हैैं। छापेमारी में उनके पास से बरामद खैनी इसका प्रमाण है। कैंची की बरामदगी भी कई संदेहों को जन्म देती है।
इन औजारों से बाल बंदी संप्रेषण गृह की दीवारों में सुरंग बना सकते हैं। यह तो साफ है कि छापेमारी में इतनी मात्रा में मोबाइल आदि चीजें मिलने में सुरक्षा गार्डों की लापरवाही है या मिलीभगत भी हो सकती है।
मंडल कारा में भी नहीं मिले हैं इतने फोन : धनबाद मंडल कारा में वयस्क बंदियों को रखा जाता है लेकिन वहां से कभी इतनी संख्या में मोबाइल फोन बरामद नहीं हुए। बाल संप्रेषण गृह से एक साथ इतने मोबाइल फोन बरामद होने से अधिकारी सकते में आ गए। इसी कारण अब वहां चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
- सामान बरामद
- मोबाइल-9
- मोबाइल हेडफोन-5
- चाकू-1
- कैंची-4
- डाटा केबल-2
- नेल कटर-4
- प्लास-1
- बिजली का तार-2
- तंबाकू (खैनी)-2 पैकेट
- सिक्का-5 रुपये का एक
- ब्लेड-4
- लोहा प्लेट-2