पिच पर उतरने से पहले ही कीर्ति ने शुरू की बल्लेबाजी, खुद को बताया झारखंडी
कीर्ति ने कहा कि देश के लोग उन्हें क्रिकेटर के तौर पर जानते हैं दरभंगा सांसद और दिल्ली का विधायक होने के नाते पहचानते हैं। कम ही लोग जानते हैं कि उनका पैतृक गांव गोड्डा में है।
धनबाद, अश्विनी रघुवंशी। धनबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस से टिकट के लिए कीर्ति आजाद प्रबल दावेदार हैं। उनके पिता भागवत झा आजाद अविभाजित बिहार के सीएम रह चुके हैं, तो कीर्ति 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य। कीर्ति आश्वस्त है कि हाईकमान उन्हें धनबाद से मौका देगा।
मंगलवार को दिल्ली से दूरभाष पर उन्होंने कहा कि मैं बाहरी नहीं, झारखंडी हूं। गोड्डा के मेहरमा थाना का कस्बा दुधीचक पैतृक गांव है। विरोधी दल के उम्मीदवार का झारखंड के मूल निवासी से मुकाबला होगा। दरभंगा में तो ससुराल है जहां से सांसद बने।
कीर्ति ने कहा कि देश के लोग उन्हें क्रिकेटर के तौर पर जानते हैं, दरभंगा सांसद और दिल्ली का विधायक होने के नाते पहचानते हैं। कम ही लोग जानते हैं कि उनका पैतृक गांव गोड्डा में है। धनबाद से एक और पुराना नाता है। उनके पिता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ यहीं से पदयात्रा शुरू की थी। तब उन्हें बहुत धमकी मिली थी। धनबाद के लोगों से वायदा है कि अगर सांसद चुना तो भ्रष्टाचार और रंगदारी के खिलाफ पिता की तरह संघर्ष करेंगे।
आजाद ने कहा कि धनबाद की जनता को रंगदारों से मुक्ति चाहिए। दिल्ली में पीएमओ व रांची में सीएमओ तक सब जानते हैं कि रंगदारी के लिए किस दल के लोगों पर आरोप हैं। धनबाद में कोयला माफिया का राज खत्म होना चाहिए। यह भी कहा कि पांच साल तक दिल्ली से रांची तक प्रचंड बहुमत की सरकार रहने पर भी धनबाद को ठीक से बिजली-पानी नहीं दे सकते तो और क्या कहें।