LS चुनाव में हार के बाद केजरीवाल से प्रेरणा ले रहे बाबूलाल, विधानसभा में सफलता का उम्मीद Dhanbad News
झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान आप पार्टी सभी सात सीटों पर चुनाव हार गई थी लेकिन उसके बाद हुए विधान सभा में उसे भारी बहुमत मिला।
धनबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के दाैरान महागठबंधन बनाकर चुनाव मैदान में उतरने के बावजूद भाजपा के हाथों मिली करारी हार से झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी विचलित नहीं हैं। वे दिल्ली आधारित आप पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल से प्रेरणा ले रहे हैं। साथ ही आप का उदाहरण देकर कार्यकर्ताओं में जोश भी भरने का काम कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के दाैरान झारखंड की 14 में 2 सीटों पर झाविमो ने चुनाव लड़ा था। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल खुद कोडरमा से उम्मीदवार थे। जबकि तत्कालीन पार्टी महासचिव प्रदीप यादव गोड्डा से खड़े थे। दोनों स्थानों पर झामुमो की हार और भाजपा की जीत हुई। अब विधानसभा चुनाव नजदीक देख झाविमो प्रमुख मरांडी ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को धनबाद पहुंचे झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने आप पार्टी का उदाहरण अपने कार्यकर्ताओं के सामने रखा। अग्रसेन भवन में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान आप पार्टी सभी सात सीटों पर चुनाव हार गई थी, लेकिन उसके बाद हुए विधान सभा में उसे भारी बहुमत मिला। मरांडी ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार जनमुद्दों पर संघर्ष कर रही है। दावा करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में झाविमो जनता की सरकार बनाएगी। उन्होंने एक पखवारे के अंदर धनबाद में 2800 कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। इससे पूर्व मरांडी ने सघन सदस्यता अभियान की शुरूआत की। स्वयं 50 नए सदस्यों को अपने हाथों से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। इससे पहले बैठक में पहुंचे बाबूलाल मरांडी का जोरदार तरीके से झारखंड विकास युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप चौधरी ने स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा तथा संचालन कैप्टन प्रदीप मोहन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दत्ता न दिया।
बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. सबा अहमद, सरोज सिंह, रामनारायण भगत, बीरेंद्र हांसदा, गुरुचरण बास्की, संतोष महतो, राजीव शर्मा, फातिमा अंसारी समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।