Jharkhand Assembly Election 2019 : झाविमो प्रमुख बाबूलाल ने मुख्यमंत्री पर बोला हमला, कहा-भूखमरी और किसानों की आत्महत्या के लिए सरकार जिम्मेदार
भाजपा सरकार के जरिए बंद कराए गए स्कूलों को एक माह के अंदर खोला जाएगा। डबल इंजन की इस सरकार ने 11 लाख परिवारों का राशन कार्ड रद किया है। 2.50 लाख जरूरतमंदों को पेंशन नहीं मिल रही है
धनबाद, जेएनएन। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने रविवार को चुनावी सभाओं में भाजपा की रघुवर सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि पांच साल में राज्य में दो दर्जन से अधिक लोग भुखमरी के शिकार हुए। किसानों ने आत्महत्या की। बच्चों को स्कूल छोडऩा पड़ा। पारा शिक्षकों और आंगनबाड़ी सेविकाओं को लाठी खानी पड़ी। इसका जिम्मेदार मुख्यमंत्री रघुवर दास हैं।
मरांडी ने रविवार को वे टुंडी विधानसभा क्षेत्र के राजगंज और धनबाद विस क्षेत्र के भूली में पार्टी प्रत्याशी डॉ. सबा अहमद व सरोज सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निरसा के हिकीमड़ाल में भी सभा की। उन्होंने राजगंज की जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में राजगंज को प्रखंड का दर्जा दिया जाएगा। भूली में कहा कि भाजपा सरकार के जरिए बंद कराए गए स्कूलों को एक माह के अंदर खोला जाएगा। डबल इंजन की इस सरकार ने 11 लाख परिवारों का राशन कार्ड रद किया है। 2.50 लाख जरूरतमंदों को पेंशन नहीं मिल रही है।
निरसा विस क्षेत्र में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मेमोंटम झारखंड के नाम पर 900 करोड़ रुपये रघुवर सरकार ने मौज-मस्ती व विदेश यात्रा में उड़ा दिए। मौके पर दिलीप चौधरी, संतोष मंडल, राजीव कुमार, उज्ज्वल कुमार, संतोष चौरसिया, अजित पाठक, मृत्युंजय सिंह, शंकर मल्लाह, अली अकबर आदि थे।