Rajya Sabha Election Result 2020: झामुमो अध्यक्ष दूसरी बार राज्यसभा में, दुमका हारने के बाद पहली दफा पहुंचे थे ऊपरी सदन
झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन पहली बार 1998 के लोकसभा चुनाव में दुमका सीट से हारने के बाद राज्यसभा गए थे। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी ने शिबू को पराजित कर दिया था।
धनबाद, जेएनएन। एक साल बाद फिर झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन संसद में दिखाई देंगे। हालांकि अब वह संसद के लोकसभा के बजाय राज्यसभा (ऊपरी सदन) में दिखाई देंगे। मई 2019 में आम लोकसभा चुनाव के दाैरान शिबू दुमका लोकसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए थे। इस कारण उनका लोकसभा के सफर पर ब्रेक लग गया था। झारखंड में झामुमो की सरकार बनने और उनके बेटे हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब राज्यसभा पहुंचे हैं। सोरेन पहली बार 1998 के लोकसभा चुनाव में दुमका सीट से हारने के बाद राज्यसभा भेजे गए थे। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी ने शिबू को पराजित कर दिया था। इसके बाद झामुमो ने अपने अध्यक्ष को राज्यसभा के माध्यम से संसद में भेजा। दूसरी बार भी लोकसभा चुनाव हारने के बाद ही शिबू राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
झारखंड में राज्यसभा का चुनाव उम्मीद के अनुरूप ही रहा। चुनाव में झामुमो प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन तथा भाजपा प्रत्याशी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को जीत मिली। झारखंड विधानसभा में शनिवार को हुए मतदान के बाद दोनों विजयी घोषित हुए। शिबू सोरेन को कुल 30 तथा दीपक प्रकाश को 31 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी शहजादा अनवर को सिर्फ 18 वोट से संतोष करना पड़ा। पार्टी राहुल गांधी के जन्मदिन पर उन्हें जीत का तोहफा नहीं दे सकी। शिबू सोरेन दूसरी बार राज्यसभा पहुंचे हैं। दीपक प्रकाश पहली बार राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं।
शिबू की जीत पर झामुमो ने मनाया जश्न
झामुमो अध्यक्ष शिबू की जीत में कोयलांचल के समर्थक जोश में हैं। झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य अशोक मंडल ने शनिवार को पार्टी अध्यक्ष से मिलकर बधाई दी। दूसरी तरफ धनबाद जिला झामुमो ने जश्न मनाया। यह कार्यक्रम झामुमो महानगर समिति के अस्थाई कार्यालय में अध्यक्ष देबू महतो के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समिति के लोग जुटे थे। लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दी और शिबू सोरेन की जीत को ऐतिहासिक बताया। देबू महतो ने बताया कि सोमवार को झामुमो महानगर का एक प्रतिनिधिमंडल रांची जाकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित करेगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के तमाम विधायकों का भी आभार प्रकट किया। मौके पर राधेश्याम वाल्मीकि, सुशोभन चक्रवर्ती, मंटू कुमार चौहान, रमेश, माथुर दत्ता, टिंकू सरकार, सोनू पंडित, रंजीत साह आदि शामिल हुए।