झामुमो ने बाघमारा विधायक की फरारी पर कसा तंज, कहा- ढुलू जैसे अपराधी को बचा रही भाजपा Dhanbad News
शहीद नेपाल रवानी के शहादत दिवस पर झामुमो प्रमुख गोधर आएंगे। उनके साथ सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो भी होंगे। इसको लेकर जिलाध्यक्ष ने झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
धनबाद, जेएनएन। झामुमो जिलाध्यक्ष रमेश टुडू ने बाघमारा विधायक ढुलू महतो की फरारी पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि ढुलू के खिलाफ भाजपा के शासनकाल में ही प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस वक्त पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब उच्च न्यायालय के आदेश पर विधायक को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया चल रही है।
वहीं, भाजपा ने राजनीतिक दुर्भावना वाले आरोप पर रमेश टुडू ने कहा कि इसमें कहीं से कोई राजनीतिक साजिश नहीं है। उन्होंने भाजपा पर ही विधायक को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में एक साजिश के तहत ढुलू महतो को बचाया जाता रहा। भाजपा आज तक उन्हें बचाती रही है। जिलाध्यक्ष रमेश टुडू शनिवार को धनबाद परिसदन में शहीद नेपाली रवानी के शहादत दिवस समारोह के आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
दरअसल, झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से आगामी 25 फरवरी को गोधर में शहीद नेपाल रवानी का शहादत दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिशोम गुरू शिबू सोरेन और झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो उपस्थित होंगे। टुडू ने बताया कि इस कार्यक्रम में झामुमो के विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी शामिल होंगे।
इस दौरान शहीद वेदी पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। टुडू ने बताया कि शहीद नेपाल रवानी झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता थे। आजीवन सामाजिक कुरितियों के खिलाफ आवाज उठाई एवं लड़ाई लड़ी। उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि झामुमो शहीदों के सपनों के अनुकूल झारखंड निमार्ण के प्रति संकल्पित है। यही कारण है कि पार्टी की ओर से हर शहीद के शहादत दिवस पर पूरे सम्मान के साथ उन्हें याद किया जाता है।