झामुमो महाधिवेशन के अंतिम दिन हेमंत ने सुधारी गलती, एके राय को भी दिया पार्टी गठन का श्रेय
जागरण संवाददाता, मैथन: झामुमो के महाधिवेशन में पहले दिन पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव में सिर्फ वि
जागरण संवाददाता, मैथन: झामुमो के महाधिवेशन में पहले दिन पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव में सिर्फ विनोद बिहारी महतो एवं शिबू सोरेन को झामुमो का संस्थापक बताया गया था, लेकिन झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अंतिम दिन इसमें सुधार कर लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि चार फरवरी 1972 में शिबू सोरेन, विनोद बिहारी महतो एवं एके राय ने धनबाद के गोल्फ ग्राउण्ड में झामुमो का गठन किया था। तीनों ने मिलकर शोषण के खिलाफ लड़ाई छेड़ी थी।
एके राय के अस्वस्थ होने की भी जानकारी उन्होंने सदन को दी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ढुलू पर साधा निशाना: अमित महतो एवं योगेंद्र महतो को अदालत से सजा होने पर विधानसभा की सदस्यता समाप्त होने पर कहा कि भाजपा के विधायक कितने दूध के धुले हैं, यह सभी को मालूम है। बाघमारा विधायक ढुलू महतो का नाम लिए बिना कहा कि धनबाद के एक भाजपा विधायक रोज किसी न किसी से मारपीट करते हैं। इसके लिए वे सुर्खियों में रहते हैं। भाजपा के एक विधायक ने सरकारी पदाधिकारी की पिटाई की। पूरे राज्य के प्रशासनिक पदाधिकारी हड़ताल पर रहे। उक्त विधायक एक दिन भी जेल नहीं गया। सरेंडर कर अस्पताल गया और वहीं से जमानत पाकर घर चला गया। सरकार अपने विधायकों को संरक्षण दे रही है।