औरों को छोड़िए, जिस विभाग को सीएम संभाल रहे वह संभल नहीं रहा: शिबू सोरेन
झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर बड़ा हमला बोला है।
जागरण संवाददाता, धनबाद : झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने झारखंड में जारी बिजली संकट को लेकर रघुवर दास पर तंज कसा है। कहा है-पूरी झारखंड सरकार को छोड़ दीजिए, जिस बिजली विभाग को मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं वह नहीं संभल रहा है। झारखंड अंधेरे में डूबा है। सोरेन ने रविवार की रात यहां बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में मीडिया से बात करते हुए बिजली के सवाल पर राज्य की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। पूछा-कहां गया झारखंड में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा? बिजली के लिए जनता सड़क पर है। शिक्षक को 10 हजार, शराब बेचने वाले को 16 हजार : राज्य की शिक्षा नीति और शराब नीति को लेकर भी सोरेन ने भाजपा सरकार की खिंचाई की। कहा, यह कैसी विडंबना है कि शिक्षा का अलख जगा रहे पारा शिक्षकों को सरकार से दस हजार रुपए एवं शराब बेचने वाले को 16 हजार महीने मिलते हैं। इससे आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं कि शिक्षा के प्रति सरकार कितनी गंभीर है। नौकरशाही हावी : पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में नौकरशाही हावी है। नौकरशाह जनता को ध्यान में रखकर निर्णय नहीं ले रहे हैं। वह हर निर्णय बड़े-बड़े ठेकेदारों को ध्यान में रख ले रहे हैं। पुलिस-प्रशासन पर जान-बूझकर झामुमो कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगया। कहा कि जनता देख रही है, समय आने पर माकुल जवाब देगी। इस मौके पर जिप सदस्य दुर्योधन प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष रमेश टुडू , पवन महतो, पैगाम अली, एजाज अहमद, देबु महतो, जग्गू महतो, रतिलाल टुडू , सुखलाल मराडी आदि उपस्थित थे।