आदिवासियों की जमीन वापस करेगी हेमंत सरकार, शिबू ने की घोषणा; स्थानीय नीति में बदलाव की वकालत
झामुमो सुप्रीमो नवाडीह के ऊपरघाट स्थित पलामू पंचायत के छोटकीकुड़ी में कुड़ीबुरु मेला में शामिल हुए और कुड़ीबुरु सरना धोरोमगढ़ में पूजा-अर्चना की।
धनबाद / करगली, जेएनएन। झारखंड में झामुमो गठबंधन की सरकार और अपने बेटे हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के बाद से झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रमुख सूबे की स्थानीय और नियोजन नीति पर लगातार बयान दे रहे हैं। इसी क्रम में सोरेन ने एक बार फिर स्थानीय नीति के लिए 1932 के खतियान की वकालत की है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में तृतीय व चतुर्थ वर्ग की नौकरियों में झारखंड के लोगों को इसी के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी। बेरोजगारों को अन्य प्रदेशों का मुंह नहीं ताकना पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही औद्योगिक प्रतिष्ठान लगाए जाएंगे।
सोरेन ने बुधवार को बोकारो जिले के करगली ऑफिसर्स क्लब में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में झारखंडी सोच वाली सरकार बनी है। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा व शिक्षा उसकी पहली प्राथमिकता होगी। झामुमो प्रमुख ने आदिवासियों की अधिग्रहित जमीन के सवाल पर बड़ी बात कही। कहा-पूर्व की सरकार ने आदिवासियों व मूलवासियों की जमीन ली है, उसे वापस किया जाएगा। जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। इसके बाद प्रदेश में चारों ओर विकास दिखेगा।
नशा से मुक्ति और शिक्षा की युक्ति से विकास संभव
झामुमो सुप्रीमो नवाडीह के ऊपरघाट स्थित पलामू पंचायत के छोटकीकुड़ी में कुड़ीबुरु मेला में शामिल हुए और कुड़ीबुरु सरना, धोरोमगढ़ में पूजा-अर्चना की। वहां मौजूद लोगों से कहा कि लोगों का विकास तब ही संभव है जब वे शराब त्याग कर शिक्षा को अंगीकार करेंगे। यह भी कहा कि कुड़ी बाबा आदिवासियों के आराध्य हैं। उनके स्मरण मात्र से सारे कष्ट दूर हो जाते हैैं।
प्रदेश में होगी ओलचिकी लिपि की पढ़ाई
डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने कहा कि कुड़ी बाबा की कृपा का ही नतीजा है कि आज राज्य में झामुमो की सरकार है। राज्य में ओलचिकी लिपि की पढ़ाई शुरू की जाए इस दिशा में पहल की जाएगी। झामुमो अपने वादों पर अडिग है, जल्द ही उसे धरातल मेें उतारा जाएगा। मौके पर झामुमो के बोकारो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी, भाजपा के मीडिया प्रभारी फूलचंद किस्कू, पलामू पंचायत की मुखिया बेबी कुमारी, पंसस संगीता हेम्ब्रम, जिप सदस्य टिकैत कुमार महतो, मेला समिति के संस्थापक बृजलाल हांसदा, अध्यक्ष बालेश्वर हांसदा, सचिव रामलाल मरांडी, झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष गणेश प्रसाद महतो, सचिव सोनाराम हेम्ब्रम सहित राजेश हेम्ब्रम, मदन हेम्ब्रम, गोङ्क्षवद किस्कू, पवन हांसदा, मोतीलाल हांसदा, हरिलाल महतो, जागेश्वर महतो, रामसहाय मुर्मू, बसंत राय, संतोष प्रजापति, दयानंद सोरेन, झरीलाल हांसदा, हीरालाल मांझी सहित मदनमोहन अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अभाषचंद्र गांगुली, आलमगीर खान उर्फ भोलू खान, मदन महतो, दीपक महतो, घुनू हांसदा, झरीलाल हांसदा, संतोष महतो आदि उपस्थित थे।