कॉमरेड एके राय को नहीं दिया झामुमो की स्थापना का श्रेय
मैथन में 6 मई को शुरू हुए झामुमो के महाधिवेशन में पेश राजनीतिक प्रस्ताव में पार्टी की स्थापना का श्रेय मार्क्सवादी चिंतक व पूर्व सांसद कामरेड एके राय को नहीं दिया गया।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद) : मैथन में 6 मई को शुरू हुए झामुमो के महाधिवेशन में पेश राजनीतिक प्रस्ताव में पार्टी की स्थापना का श्रेय मार्क्सवादी चिंतक व पूर्व सांसद कामरेड एके राय को नहीं दिया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि 4 फरवरी 1972 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में झामुमो की स्थापना स्व. बिनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन ने की थी, जबकि सच्चाई यह है कि विनोद बिहारी महतो एवं शिबू सोरेन के साथ एके राय की भी बड़ी भूमिका झामुमो के गठन में थी।
राजनीतिक प्रस्ताव में झामुमो की विचारधारा वाम जनवादी बताई गई है। विनोद बिहारी महतो, शिबू सोरेन एवं एके राय की तिकड़ी ही थी, जिसने पार्टी की विचारधारा वाम जनवादी बनाई। राजनीतिक प्रस्ताव में सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए मजबूत गठबंधन के साथ चुनाव में जाने का प्रस्ताव पेश किया गया।
संगठन में अल्पसंख्यकों की उपेक्षा का मुद्दा उठा: पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने महाधिवेशन में यह मुद्दा भी उठा दिया कि संगठन में अल्पसंख्यकों की उपेक्षा हो रही है। कहा कि जामताड़ा के अल्पसंख्यक पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन का साथ देते हैं, वहा भी उपेक्षा की गई है। धनबाद, सिंहभूम में भी उपेक्षा का आरोप जड़ा।
शिबू बोले, अभी मैं हूं: महाधिवेशन को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की। भावुक होते हुए यह भी कहा कि अभी मैं हूं।
..तो बन जाएगा मुंगेरीलाल का हसीन सपना: हेमंत ने महाधिवेशन के दौरान पार्टी के नेताओं को चेताया कि संगठन मजबूत करें, नहीं तो मुख्यमंत्री बनाने का जो सपना देख रहे हैं वह मुंगेरीलाल का हसीन सपना बनकर रह जाएगा। महाधिवेशन को पिकनिक न बनाकर अपने राजनीतिक दुश्मनों से कैसे लड़ें, इस पर गंभीर मंथन करें।
भाजपा को झामुमो रोकेगा: पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक प्रो. स्टीफन मराडी ने कहा कि झारखंड में झामुमो ही भाजपा को रोकेगा। झामुमो कार्यकर्ताओं को इसके लिए अभी से जोर लगाना होगा।
संगठन की मजबूती से मिलेगी सफलता: विधायक चंपई सोरेन ने कहा कि संगठन को मजबूत करके ही राजनीतिक सफलता हासिल होगी। जरूरी है कि संगठन मजबूत किया जाए।
महाधिवेशन में इन्होंने की शिरकत: महाधिवेशन में पूर्व उप मुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी, साहिबगंज के सांसद विजय हांसदा, विधायक साइमन मरांडी, विधायक चंपई सोरेन, पूर्व मंत्री मथुरा महतो, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता, पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, पूर्व मंत्री जोबा मांझी, पूर्व सांसद सुमन महतो, विधायक नलिन सोरेन, विधायक जगरनाथ महतो, विधायक जेपी पटेल, विधायक सीता सोरेन, पूर्व विधायक रामदास सोरेन, अशोक मंडल, महुआ माजी, सुदिब्य सोनू, दिनेश यादव, अमितेश सहाय, रमेश टुडू, पवन महतो, देबू महतो, संजय ¨सह, प्रमिला मेहरा, विक्की अग्रवाल समेत झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु से आए करीब तीन हजार प्रतिनिधि शिरकत कर रहे हैं। वातानुकूलित पंडाल में अधिवेशन हो रहा है। पार्टी के संस्थापक के नाम पर कार्यक्रम स्थल का नाम विनोद बिहारी महतो प्रांगण रखा गया है।