Jharkhnad Panchayat Chunav 2022: धनबाद जिले के गोविंदपुर व निरसा में दिखा महिलाओं में गजब का उत्साह
पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में मतदान करने के लिए लोगों में काफी उत्साह दिखा। निरसा और गोविंदपुर प्रखंड के मतदान केंद्रों पर सुबह 6 बजे से ही मतदान करने के लिए लोग कतार में खड़े दिखे। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ।
जागरण संवाददाता, मैथन : पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में मतदान करने के लिए लोगों में काफी उत्साह दिखा। निरसा और गोविंदपुर प्रखंड के मतदान केंद्रों पर सुबह 6 बजे से ही मतदान करने के लिए लोग कतार में खड़े दिखे। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान करने के लिए महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। वे लोग गांव की सरकार बनाने के लिए घर का कामकाज छोड़ सुबह से मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच गई। सुबह 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान के दौरान कहीं से भी हिंसक झड़प की खबर नहीं है। प्रशासन विधि व्यवस्था का कमान संभाल रहा है। इधर निरसा प्रखंड के 293 मतदान केंद्रों पर सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। हालांकि शहरी क्षेत्रों में मतदान शुरू होने के एक घंटा बाद भी मतदान का प्रतिशत आशा के अनुरूप नहीं है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान का प्रयोग कर रहे हैं। कई मतदान केंद्रों पर बल्ब नहीं रहने के कारण अंधेरे में मतदाताओं को थोड़ी परेशानी हुई परंतु तत्काल सभी स्थानों पर बल्ब लगा दिया गया तथा मतदान सुचारू रूप से शुरू हो गया।
मतदान केंद्रों पर पुरुषों से ज्यादा महिलाएं मतदान के प्रति जागरूक दिख रही हैं। मतदान शुरू होने के 1 घंटे बाद निरसा प्रखंड में 16 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इधर पूर्वी गोविंदपुर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भी शुक्रवार को सुबह 7:00 बजे से सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुई। सुबह 7:00 बजे के पूर्व ही मतदाता मतदान के लिए कतार में खड़ी रहे। मतदान के लिए महिलाओं की संख्या काफी तादाद में देखी गई। पूर्व में मतदान इसके बाद जलपान के लिए मतदाता काफी जागरूक हुए हैं। इस जागरूकता के कारण ही महिलाएं सुबह से ही मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भारी संख्या में मतदान केंद्र पहुंचे। शुक्रवार का दिन होने के कारण मुस्लिम मतदाता भी सुबह से ही मतदान के लिए मतदान केंद्र में पहुंचे हुए हैं ।उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुर्गाबनी में मतदान के लिए काफी भीड़ देखी गई।