Dhanbad Weather Forecast: आंधी-पानी के बाद 5 डिग्री गिरा पारा, माैसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
Jharkhand Weather Forecast Alert माैसम विभाग ने धनबाद और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब यह हुआ कि बारिश नहीं होगी। लेकिन गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी। शुक्रवार की रात आंधी-पानी से तापमान में गिरावट है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद की आबोहवा दो दिनों से लगातार बदल रही है। गुरुवार को दोपहर बाद मौसम बदल गया। बादल गरजने के साथ आंधी बारिश हुई और कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे। शुक्रवार को भी दोपहर बाद मौसम ने करवट ले लिया। तेज आंधी बारिश से गर्मी से राहत मिल गई। शनिवार को सुबह से धूप खिली है और गर्मी है। हालांकि 2 दिनों तक आंधी बारिश की वजह से तापमान में थोड़ी कमी आई है। 40 तक पहुंचा तापमान शनिवार को 5 डिग्री कम 35 पर पहुंच गया है। दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग में धनबाद से सटे बोकारो और गिरिडीह के साथ ही रामगढ़ व हजारीबाग में अगले कई दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना जताई है। धनबाद के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। यानी यहां बारिश की संभावना नहीं है। पर बादल गरजने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
चार मई तक का संभावित तापमान
- शनिवार अधिकतम 35 न्यूनतम 24
- रविवार अधिकतम 35 न्यूनतम 25
- सोमवार अधिकतम 36 न्यूनतम 25
- मंगलवार अधिकतम 35 न्यूनतम 24
मार्च-अप्रैल में धनबाद में सामान्य से 58% कम बारिश
मौसम विभाग ने प्री मानसून बारिश को लेकर जो आंकड़े जारी किए हैं उसके मुताबिक मार्च-अप्रैल में धनबाद में सामान्य से 58% कम बारिश हुई है। जारी आंकड़ा एक मार्च से 29 अप्रैल तक का है। धनबाद से सटे बोकारो में 68 प्रतिशत कम, गिरिडीह में 81 फीसद कम और जामताड़ा में मार्च- अप्रैल के दौरान 100 फीसद कम बारिश हुई है। संताल के अन्य जिलों की बात करें तो दुमका में 86 फीसद, गोड्डा में 54, साहिबगंज में 55 और पाकुड़ में 82 फीसद कम बारिश हुई है।