जापान के SAKURA Science Exchange Program में झारखंड के चार छात्रों का चयन, विज्ञान और संस्कृति की लेंगे सीख
झारखंड के चार छात्र और एक पर्यवेक्षक जापान में होने वाले सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम के लिए चुने गए ...और पढ़ें

SAKURA Science High School Programme में भाग लेते प्रतिभागी स्टूडेंट्स। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। SAKURA Science Exchange Programme जापान में 24 से 30 मई तक होने वाले सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम (एसएसएचपी) ग्रुप-एक के लिए झारखंड से चार छात्रों एवं एक पर्यवेक्षक का चयन हुआ है। इसमें गिरिडीह, गोड्डा और दुमका के छात्र और धनबाद से पर्यवेक्षक शामिल हैं।
सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम (एसएसपी) जापान विज्ञान और प्रौद्योगिकी एजेंसी (जेएसटी) का एक प्रतिष्ठित युवा विनिमय कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य दुनियाभर के मेधावी हाई स्कूल के छात्रों को जापान आमंत्रित करके उनमें विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के प्रति रुचि और जिज्ञासा को बढ़ावा देना है।
चयनित छात्रों और उनके पर्यवेक्षकों को एक सप्ताह के लिए जापान भेजा जाता है। सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस जिला स्कूल धनबाद के पीजीटी शिक्षक कनिष्क कुमार बतौर पर्यवेक्षक चारों छात्रों को लेकर 22 मई को जापान रवाना होंगे। झारखंड परियोजना निदेशक शशि रंजन ने डीईओ को पत्र जारी कर कार्यक्रम प्रबंध की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
डीईओ अभिषेक झा ने बताया कि छात्रों को नोबेल पुरस्कार विजेताओं की विशेष कक्षाओं में भाग लेने, प्रमुख जापानी विश्वविद्यालयों का दौरा करने, अनुसंधान संस्थानों को देखने और जापानी संस्कृति का अनुभव करने का अवसर मिलता है। यह साप्ताहिक यात्रा पूरी की सभी छात्र 31 मई को रांची लौटेंगे।
इनका हुआ है चयन
Giridih : प्रेम सागर, सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस पचंब।
Godda: परमानंद साह, उत्क्रमित उच्च विद्यालय गायचंद और जागृति कुमारी राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय पोड़ैयाहाट।
Dumka : मारिया खातून, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय काठीकुंड।
Dhanbad : कनिष्क कुमार, पीजीटी सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस जिला स्कूल।
