Jharkhand: सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या पर गरमाई राजनीति, 17 को आएगी भाजपा की उच्चस्तरीय टीम
सूबे के मुख्यमंत्री सह बरहेट विधायक हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की घटना पर भाजपा चुप है लेकिन यहां शोर मचा रही है। पार्टी की दोहरी नीति को जनता जान चुकी है। 12 घंटे के अंदर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
साहिबगंज, जेएनएन। जिले के रांगा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के बाद ग्रामीण आरोपितों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को दिनभर मृतका के गांव में विभिन्न राजनीति दल के नेताओं और आसपास के लोगों का आना जाना लगा रहा। हालांकि इस घटना के विरोध में कोई सड़क पर नहीं उतरा, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा हेमंत सरकार को घेरने में जुटी है। वहीं, झामुमो भाजपा पर दोहरी नीति का आरोप लगा रहा है।
इस मामले की जांच, स्वजनों को सांत्वना व आर्थिक सहयोग देने के लिए 17 अक्टूबर को भाजपा की उच्चस्तरीय टीम यहां आएगी। इसमें दुमका सांसद सुनील सोरेन, राज्यसभा सदस्य समीर उरांव, पूर्व आइजी अरुण उरांव शामिल हैं। इसकी जानकारी दोपहर में गांव पहुंचे पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने दी। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्वजनों को आर्थिक सहयोग भी किया। पत्रकारों से कहा कि सूबे की बिगड़ती विधि व्यवस्था के लिए हेमंत सरकार को जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में दुष्कर्म की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। केवल सुंदरपहाड़ी प्रखंड में चार घटनाएं हुई हैं। मुख्यमंत्री को इसे संज्ञान में लेना चाहिए।
हेमलाल मुर्मू के वहां जाने की सूचना मिलने के बाद झामुमो जिला कमेटी के पदाधिकारी भी वहां पहुंचे और स्वजनों का कुशल क्षेम पूछा। साथ ही, हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला सचिव सुरेश टुडू, प्रखंड अध्यक्ष गुरु हेम्ब्रम, युवा मोर्चा अध्यक्ष शाहजहां किस्कू, कार्य रहमान अंसारी, लखीराम टुडू्, धनैया हांसदा आदि ने कहा कि घटना की जितनी भी ङ्क्षनदा की जाए कम है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई पर पुलिस की सराहना की। इन नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार में ही इतनी जल्दी कार्रवाई संभव है।
झामुमो का पलटवार- यूपी में चुप, झारखंड में शोर: सूबे के मुख्यमंत्री सह बरहेट विधायक हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि झामुमो नेता पंकज मिश्रा ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की घटना पर भाजपा चुप है, लेकिन यहां शोर मचा रही है। पार्टी की दोहरी नीति को जनता जान चुकी है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि रांगा में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म पर भाजपा राजनीति करने की कोशिश में थी, लेकिन उसका पूरा प्लान फेल हो गया है। 12 घंटे के अंदर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई झामुमो के शासनकाल में ही संभव है।
झारखंड की हर माता व बहन की सुरक्षा: दूरभाष पर उन्होंने दैनिक जागरण से बात की। कहा कि सामूहिक दुष्कर्म में शामिल आरोपितों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। झारखंड की हर माता व बहन की सुरक्षा के लिए सरकार अपने दायित्व का निर्वहन करेगी। अस्मिता से खिलवाड़ करने वाला सलाखों के पीछे होगा। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देता हूं। यह काबिले तारीफ है। पीडि़ता के परिवार को न्याय मिलेगा। सरकार उस परिवार के साथ है।
राज्य में बिगड़ी है विधि व्यवस्था : आदिवासी किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुकूल चंद्र मिश्रा ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सभ्य समाज के लिए कलंक है। सरकार कोई भी हो इस तरह की वारदात नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था हाल के दिनों में कुछ बिगड़ी है। इसपर ध्यान देने की जरूरत है। इस प्रकार की घटनाएं क्यों हो रही हैं इसके कारणों की पड़ताल होनी चाहिए। उसपर रोक लगाने की कोशिश होनी चाहिए। रांगा थाना क्षेत्र की इस घटना में प्रारंभ में पुलिस की लापरवाही सामने आई। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया।