लॉकडाउन में झारखंड सरकार नहीं कर रही तेल के बिल का भुगतान, एसोसिएशन ने वित्त मंत्री को दिया अल्टीमेटम Dhanbad News
एसोसिएशन ने वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से मिलकर अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराया है। कहा कि एक सप्ताह के अंदर अगर भुगतान नहीं हुआ तो पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बंद कर देंगे।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन के बाद झारखंड सरकार द्वारा पेट्रोल पंपों को तेल के बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। नतीजतन 25 मार्च, 2020 के बाद से झारखंड के विभिन्न जिलों में 100 पेट्रोल पंपों का करीब 27 करोड़ रुपये का बकाया हो गया है। पिछले तीन महीने से पंपों के बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उधार देते-देते पेट्रोल पंपों की स्थित अब और देने की नहीं है। झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से मिलकर अपनी आर्थिक स्थिति से अवगत कराया है। साथ ही अल्टीमेटम भी दिया है कि एक सप्ताह के अंदर अगर भुगतान नहीं हुआ तो पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बंद कर देंगे।
झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव रविवार को धनबाद में थे। उनके साथ कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी थे। दोनों धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में वित्त मंत्री से मुलाकात की। एसोसिएशन ने बताया कि 100 पेट्रोल पंपों का करीब 27 करोड़ रुपये बकाया है। उधार देने की भी एक सीमा होती है। पेट्रोल पंपों को तेल कंपनियों से तेल लेने के लिए भुगतान करना पड़ता है। अगर सरकार ने भुगतान नहीं की तो अब तेल की आपूर्ति मुश्किल है। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव संजीव राणा, उपाध्यक्ष ब्रजेश राय, रितेश सिंह शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री को मांग पत्र साैंपा।
वित्त मंत्री ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि सरकार को थोड़ा समय दें। सरकार बकाया का भुगतान करेगी। उन्होंने वार्ता के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों को रांची आमंत्रित किया।