Jharkhand Panchayat Chunav Result 2022: रात आठ बजे के बाद नहीं होगी काउंटिंग, जिला परिषद के परिणामों की घोषणा कल
Jharkhand Panchayat Chunav Result 2022 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 14 मई को पहले चरण में पड़े वोटों की गिनती धनबाद के कोयला नगर नेहरू कांप्लेक्स में जारी है। तोपचांची टुंडी और पूर्वी टुंडी प्रखंड में हुए मतदान के परिणामों की घोषणा का समय धीरे-धीरे करीब आता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 14 मई को पहले चरण में पड़े वोटों की गिनती धनबाद के कोयला नगर, नेहरू कांप्लेक्स में जारी है। तोपचांची, टुंडी और पूर्वी टुंडी प्रखंड में हुए मतदान के परिणामों की घोषणा का समय धीरे-धीरे करीब आता जा रहा है।
सबसे पहला परिणाम पूर्वी टुंडी प्रखंड के वार्ड सदस्य का आएगा। इस पद के लिए वोटिंग कम होने के कारण पहला परिणाम वार्ड सदस्य का ही आना शुरू होगा। जिला परिषद सदस्य और मुखिया का क्षेत्र बड़ा होने के कारण इन दोनों पदों के प्रत्याशियों के रुझान के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। मंगलवार को देर शाम से इन पदों के प्रत्याशियों का रुझान आने लगेगा। पूर्ण रूप से परिणाम जानने के लिए कम से कम कल तक इंतजार करना पड़ेगा।
हालांकि कुछ पंचायतों के मुखिया का परिणाम आ चुका है। तोपचांची की पावापुर पंचायत के मुखिया पद पर संगीता देवी की जीत की घोषणा हो चुकी है। इसी के साथ पावापुर के पंचायत समिति सदस्य के तौर पर आनंद कुमार भी लगातार तीसरी बार चुनाव जीत चुके हैं। अभी तक तीसरे राउंड की गिनती चल रही है।
पंचायत चुनाव बैलट पेपर पर हुआ है, इसलिए गिनती में समय लगना स्वाभाविक है। उपायुक्त संदीप सिंह ने बताया कि मतगणना रात आठ बजे तक ही होगी। आठ बजे के बाद सिर्फ उन्हीं पदों पर गिनती जारी रहेगी, जिनके मतपत्र बाहर हैं। रात आठ बजे के बाद नया राउंड शुरू नहीं होगा। अधिकतर जिला परिषद सदस्य और मुखिया पद के उम्मीदवारों का परिणाम बुधवार को घोषित किया जाएगा।
19 मई को दूसरे चरण के चुनाव में तीन लाख वोटर करेंगे मतदान: पहले चरण की मतगणना के साथ ही जिला प्रशासन ने दूसरे चरण के मतदान की भी सारी तैयारी पूरी कर ली है। दूसरे चरण में धनबाद और बाघमारा प्रखंड में 19 मई को मतदान होना है। दूसरे चरण में धनबाद बाघमारा में 786 बूथ पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। दोनों प्रखंड में कुल 514 पदों के लिए 1655 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें आठ जिला परिषद पद के लिए 50 उम्मीदवार, पंचायत समिति सदस्य के 75 पद के लिए 313 प्रत्याशी, मुखिया के 72 पदों के लिए 414 और वार्ड पार्षद के 359 पद के लिए 878 उम्मीदवार भाग्य आजमाएंगे। इन्हें चुनने के लिए 290335 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। धनबाद प्रखंड में 18 बूथ पर 44523 और बाघमारा प्रखंड में 668 बूथों पर 245412 मताधिकार का प्रयोग करेंगे।