विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Panchayat Chunav 2022 LIVE: धनबाद के तीन प्रखंडों में मतदान शुरू, गिरिडीह में पूर्व उप मुखिया गिरफ्तार

By Deepak Kumar PandeyEdited By:
Published: Sat, 14 May 2022 08:23 AM (IST)Updated: Sat, 14 May 2022 08:51 AM (IST)

Jharkhand Panchayat Chunav 2022 LIVE पहले चरण में धनबाद समेत गिरिडीह बोकारो और संताल के अन्‍न्‍य जिलों में मतदान शुरू ...और पढ़ें

Jharkhand Panchayat Chunav 2022 LIVE धनबाद मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में हलचल शुरू हो गई है।
Jharkhand Panchayat Chunav 2022 LIVE धनबाद मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में हलचल शुरू हो गई है।

जागरण संवाददाता, धनबाद: त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में धनबाद समेत गिरिडीह, बोकारो और संताल के अन्‍न्‍य जिलों में मतदान शुरू हो चुका है। धनबाद में शनिवार की सुबह 7 बजे से तोपचांची, टुंडी और पूर्वी टुंडी प्रखंड में मतदान को लेकर धनबाद मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में हलचल शुरू हो गई है।

सुबह 6:00 बजे ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र तोपचांची, टुंडी और पूर्वी टुंडी में मतदान कर्मी पहुंचने लगे थे। इसे लेकर कंट्रोल रूम में पदस्थापित अधिकारी-कर्मचारी हर गतिविधि की जानकारी ले रहे हैं। यहां अपर समाहर्ता भोगेंद्र ठाकुर अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद हैं।

तोपचांची में बिजली संकट: मतदान शुरू होने से 20 मिनट पूर्व सुबह 6:40 पर तोपचांची प्रखंड के सेक्टर 23, बूथ संख्या 30 से सूचना आती है कि सर यहां बिजली की व्यवस्था नहीं है और काम करने में दिक्कत हो रही है। कंट्रोल रूम से वहां के प्रखंड विकास पदाधिकारी कमल किशोर सिंह को इस संबंध में सूचित किया जाता है। तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल भी कर दी गई। अपर समाहर्ता भोगेंद्र ठाकुर ने बताया कि जो भी समस्‍या कंट्रोल रूम तक आ रही है, तत्‍परता के साथ उसके समाधान के लिए समन्‍वय स्‍थापित किया जा रहा ह‍ै।

सुबह करीब 7:18 में डीडीसी शशि प्रकाश सिंह का कंट्रोल रूम में प्रवेश होता है। वह अपने अधिकारियों के साथ जानकारी लेते हैं और कहते हैं कि कई बूथों पर पुलिस पार्टी की दिक्कतें हो रही हैं। इसलिए सीसीआर डीएसपी को भी कंट्रोल रूम में बुलाया जाए।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी जगह सुबह से ही मतदान करने को लेकर बूथों पर लाइन देखी गई है ।मतदाताओं में काफी उत्साह है। कहीं से भी किसी तरह की कोई गड़बड़ी की सूचना अब तक प्राप्त नहीं हुई है। सभी जगह से सूचना ली जा रही है। दिक्कत होने पर कंट्रोल रूम से वहां पर व्यवस्था दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न क‍राने को जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

मालूम हो कि तोपचांची में 326, टुंडी में 203 और पूर्वी टुंडी में 112 यानी कुल 641 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी जगहों पर मतदान शुरू हो चुका है। संबंधित बूथ पर पदस्थापित कलस्टर अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को दे रहे हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण इन तीनों प्रखंडों में चुनाव को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज है। धनबाद जिले के तीन प्रखंडों में हो रहे चुनाव के पहले चरण में 2,30,207 मतदाता 1568 प्रत्याशियों की किस्‍मत का फैसला करेंगे। मतदान सुबह 7:00 बजे से दोपहर बाद 3:00 बजे तक निर्धारित है। इसमें जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदाता वोट देंगे।

[महेशलुंडी पंचायत के बूथ नंबर तीन में अशांति फैलाने के आरोप में पूर्व उप मुखिया पवन राय को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।]

गिरिडीह में बूथ पर अशांति फैलाने के आरोप में पूर्व मुखिया गिरफ्तार: इधर, गिरिडीह जिले की महेशलुंडी पंचायत के बूथ नंबर तीन में अशांति फैलाने के आरोप में सुबह करीब पौने आठ बजे पुलिस ने पूर्व उप मुखिया पवन राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उन्‍हें अपने साथ थाना ले गई।