Jharkhand migrants stranded in Burma: बर्मा में फंसे प्रवासी मजदूरों की फिल्म स्टार सोनू सूद ने ली सुध, जल्द घर वापसी की जगी उम्मीद
Jharkhand migrants stranded in Burma बर्मा में फंसे 31 मजदूरों को 6 माह पूर्व टावर लाइन में काम कराने के लिए ले जाया गया था। वहां जाकर मजदूर फंस गए। वेतन भी नहीं दिया जा रहा है।
गिरिडीह, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के मसीहा बनकर उभरे फिल्म स्टार सोनू सूद ने बर्मा में फंसे झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग एवं बोकारो जिले के 31 मजदूरों की घर वापसी कराने का निर्णय लिया है। सोनू सूद की टीम ने मजदूरों से संपर्क भी साधा है। मजदूरों के फंसे होने की खबर को बोकारो जिले के बेरमो जरीडीह बाजार निवासी युवक विकास कुमार गुप्ता ने सोनू सूद को ट्वीट कर जानकारी दी थी। इस ट्वीट को संज्ञान में लेते हुए सूद के टीम मैनेजर ने मजदूरों का मोबाइल नंबर मांगा था। प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने मोबाइल नंबर उपलब्ध करा दिया है। अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बर्मा में फंसे मजदूरों की घर वापसी होगी।
मजदूरों को वेतन नहीं, सिर्फ एक टाइम भोजन
बर्मा में फंसे 31 मजदूरों को 6 माह पूर्व टावर लाइन में काम कराने के लिए ले जाया गया था। मजदूरों को एक नामी कंपनी में काम दिलाने की बात कह बर्मा भेजा गया था, लेकिन उन्हें काम के बदले वेतन तक नहीं दिया जा रहा हैं। फंसे मजदूरों की सूचना के मुताबिक सभी को मात्र एक समय का खाना दिया जा रहा है। काम के बदले न तो पैसा दिया जा रहा है न ही उन्हें वापस घर भेजा जा रहा है। वे वतन वापस आना चाह रहे हैं, लेकिन उनके पास आने के लिए पैसे नहीं है।
बर्मा में फंसे मजदूरों के नाम
बर्मा में फंसे मजदूरों में हजारीबाग जिला के विष्णुगढ थाना क्षेत्र के टेकनारायण महतो, सत्यनारायण कुमार महतो, नीलकंठ महतो, केदारनाथ महतो, विवेक कुमार पटेल, रामचंद्र महतो, गंगा महतो, मोहन महतो, बंधन महतो, छट्टू मिस्त्री, अजय कुमार महतो, रामकिशुन महतो, उमेश महतो, मनिजर महतो, सुनील कुमार महतो, महेश महतो, छत्रु कुमार महतो, छात्रधारी महतो, खिरोधर महतो, सुरेंद्र कुमार महतो, टाटीझरिया थाना क्षेत्र के सुनील कुमार महतो, गिरिडीह जिला के बगोदर थाना क्षेत्र के कोलेश्वर महतो, रामदेव मुर्मू, भागीरथ महतो, सरिया थाना क्षेत्र के नीलकंठ महतो, धनेश्वर महतो, परमेश्वर महतो, बोकारो जिला के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले शंकर महतो, लालमन महतो, लखन महतो व जगदीश महतो शामिल हैं।