झारखंड में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, धनबाद सहित कई जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट
Jharkhand Weather: धनबाद में सोमवार से भारी बारिश की संभावना है, जिसके लिए 30 जून और 1 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद में 30 जून, 1 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट।
आंधी के साथ 40-50 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
तापमान में गिरावट, वज्रपात से बचाव के लिए दिशानिर्देश जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Weather Update: मानसून सीजन के 28 दिनों तक कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की बारिश के बाद अब भारी वर्षा की संभावना है।
सोमवार से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 30 जून और एक जुलाई को गर्जन और आंधी के साथ भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
तीन जुलाई तक बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है। इससे तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आने के आसार हैं। 34-35 डिग्री के बीच बना अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे उमस भरी गर्मी से कुछ दिनों तक राहत मिल जाएगी। हालांकि बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
40 से 50 KMPH की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना
धनबाद समेत राज्य के कई जिलों में 30 जून व एक जुलाई को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। दो जुलाई को भी कहीं-कहीं तेज आंधी चल सकती है। इससे पेड़-पौधे के साथ खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
वज्रपात के दौरान कंक्रीट के फर्श पर लेटने से बचें
वज्रपात से बचाव को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। वज्रपात के दौरान कंक्रीट के फर्श पर न लेटने तथा कंक्रीट की दीवार के सामने न रहने, घर के अंदर रहने, पेड़ के नीचे आश्रय न लेने, इलेक्ट्रानिक उपकरणों से दूर रहने तथा संभव हो तो यात्रा से बचने का सुझाव दिया है।
धनबाद में अब तक सामान्य से 56 प्रतिशत कम वर्षा
एक जून से शुरू मानसून सीजन में अब तक धनबाद में सामान्य से 56 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। एक से 28 जून के दौरान सामान्य वर्षा 186.3 मिलीमीटर होनी चाहिए थी जो महज 82.6 मिलीमीटर ही है। अब बारिश की गतिविधि तेज होने से आंकड़े में उछाल आने की संभावना है।
