Lockdown में फंसे लोगों के लिए ई-पास की व्यवस्था, पर स्लो लिंक के कारण OTP-पासवर्ड के इंतजार में परेशान हुए लोग Dhanbad News
लॉकडाउन के दौरान दूसरे राज्य व जिलों में जाने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए ई-पास की व्यवस्था की गई। इसके पहले दिन 12 बजे तक परिवहन विभाग ने 670 लोगों का पास जारी कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान दूसरे राज्य व जिलों में जाने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए ई-पास की व्यवस्था की गई। इस नई व्यवस्था के पहले दिन गुरुवार को 12 बजे तक परिवहन विभाग ने 670 लोगों का पास जारी कर दिया। पास मिलते ही लोग खुश हो गए, पर काफी संख्या में लोग ऐसे भी थे जो मायूस हो गए। उनकी मायूसी का कारण बना सर्वर। इसके कारण किसी का ओटीपी आ गया तो पासर्वड नहीं मिल रहा है, तो कोई ओटीपी आने का इंतजार कर रहा है।
ई-पास के लिए परिवहन विभाग की साइट पर आवेदन करने वालों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि सर्वर की रफ़तार ही धीमी हो गई। दोपहर बाद लिंक ने काम करना बंद कर दिया। इसके कारण दूसरे राज्यों में लाॅकडाउन में फंसे लोगों को वापस घर आने की बेसब्री बढ गई। अब किसी भी कीमत पर अपने घर लौटना चाहते हैं। वे आसानी से अपने घर लौट सकें सरकार ने इसके लिए व्यवस्था को आसान कर दिया है। बावजूद इसके देर रात तक लोग परेशान रहे। लिंक की परेशानी से परेशान विभाग को सूचना मिलने के बाद इसे मुख्यालय को अवगत कराया गया, पर स्थिति जस की तस बनी रही। विभाग भी मूकदर्शक बनकर बैठा रहा।
रेड जोन का नहीं मिलेगा पास : कोरोना वायरस की चपेट में आए क्षेत्र जिसे रेड जोन घोषित किया गया है। वहां के लिए पास विभाग की ओर से नहीं दिया जा रहा है। केवल इतना ही नहीं दूसरे राज्यों में या फिर प्रदेश के अंदर घोषित रेड जोन एरिया में आने जाने का पास निर्गत नहीं किया जा रहा है। ऐसे करीब 200 आवेदन लिंक के जरीए विभाग को प्राप्त हुए जिसे विभाग की ओर से जांच करने के बाद रद कर दिया गया।
लिंक पर अचानक काफी दबाव बढ गया है जिसके कारण रफ्तार काफी स्लो हो गई। इस संबंध में एनआइसी के अधिकारी को अवगत कराते हुए त्वरित समाधान करने को कहा गया है, ताकि लोगों को ई-पास लेने में परेशानी न हो। -ओमप्रकाश यादव, जिला परिवहन पदाधिकारी।
कैसे करे लिंक पर आवेदन : सरकार द्वारा जारी किए गए इस वेब लिंक epassjharkhand.nic.in पर जाए। इसके बाद पंजीकरण के लिए अपना मोबाइल नंबर डालें और प्राप्त ओटीपी से अपने मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन करें। अब अपना नाम और आधार संख्या टाइप करें। आधार से नाम के मिलान के बाद अन्य सूचना भी भरकर सबमिट करें। इसके कुछ देर बाद आपके मोबाइल नंबर पर एक लिंक आएगा। उस लिंक को खोले और अपना ई-पास डाउनलोड़ कर लें।