Jharkhand Coronavirus Politics: प्रशासन ने झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार को धनबाद में प्रवेश से रोका, बैरंग लाैटे रांची; जानें कारण
Jharkhand Coronavirus Politics धनबाद जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर गोविंदपुर में सिंघार का काफिला था। तभी जिला प्रशासन का फोन गया। उन्हें वापस लाैट जाने को कहा गया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Coronavirus Politics झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार का धनबाद दाैरा क्वारंटाइन पॉलिटिक्स की भेंट चढ़ गया है। गिरिडीह से धनबाद आ रहे सिंघार को गुरुवार दोपहर जिला प्रशासन ने गोविंदपुर से ही वापस कर दिया। इसके बाद वे लाव-लश्कर के साथ गोविंदपुर से रांची लाैट गए। उनके साथ झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक दीपिका पांडेय और बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और प्रमुख कार्यकर्ता थे। सिंघार को धनबाद में प्रवेश से रोके जाने के लेकर तरह-तरह की चर्चा है। इस मुद्दे पर धनबाद जिला प्रशासन भी माैन है।
नाराज विधायकों को मनाने झारखंड दाैरे पर सिंघार
इस समय झारखंड प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला जैसे विधायक प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। पार्टी के नाराज विधायकों को साधने के लिए सिंघार बुधवार को रांची पहुंचे थे। मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक सिंघार रांची से गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में उनका कार्यक्रम था। कार्यक्रम में सिंघार झारखंड के संताल परगना और कोयलांचल के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के साथ संगठन और सरकार के बीच संबंधों के मुद्दे पर बैठक करने वाले थे। बैठक के बाद सिंघार का धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह के आवास पर भी जाने का कार्यक्रम था। पिछले दिनों सिंह की पत्नी का निधन हो गया था। वह शोक संवेदना व्यक्त करने जाने वाले थे। इसके बाद बेरमो के दिवंगत विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के घर जाना था।
जिलाध्यक्ष बोले-प्रशासन ने धनबाद आने से रोका
धनबाद जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर गोविंदपुर में सिंघार का काफिला था। तभी जिला प्रशासन का फोन गया। धनबाद में कार्यक्रम न करने और जहां हैं वहीं से वापस लाैट जाने को कहा गया। इसके बाद सिंघार गोविंदपुर से रांची के लिए रवाना हो गए। रांची से मध्य प्रदेश लाैटेंगे। चर्चा है कि मुख्यमंत्री ऑफिस के निर्देश पर धनबाद जिला प्रशासन ने सिंघार को प्रवेश करने से रोका। इस बाबत उपायुक्त उमाशंकर सिंह के बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल पाया। दूसरी तरफ धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने सिर्फ इतना कहा कि प्रशासन ने धनबाद आने से मना कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम रद कर दिया गया।
क्वारंटाइन पॉलिटिक्स को बताया जा रहा कारण
झारखंड में क्वारंटाइन पॉलिटिक्स जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी पिछले दिनों दिल्ली गए थे। दिल्ली के लाैटने के बाद दोनों को 14 दिनों के लिए क्वांरटाइन कर दिया गया। कहा गया-14 दिन घर में रहें। कई दूसरे भाजपा नेताओं को भी क्वारंटाइन किया गया। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश से आकर उमंग सिंघार झारखंड के जिलों का दाैरा कर रहे थे। उन्हें सत्ताधारी पार्टी के कारण विशेष सुविधा मिल रही थी। इस मुद्दे को लेकर भाजपा झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को घेरने में जुटी थी। धनबाद में सिंघार के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक होने के बाद कोरोना और क्वारंटाइन का मुद्दा तूल पकड़ता इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम होने नहीं दिया। हालांकि जिला प्रशासन ने किसके आदेश पर सिंघार को रोका साफ नहीं हो पाया है। वैसे चर्चा है कि मुख्यमंत्री आवास से फोन आने के बाद जिला प्रशासन ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी को धनबाद में प्रवेश करने से रोका।