कार्यकारी अध्यक्ष इरफान ने ढुलू पर साधा निशाना, कहा-गरीब का बेटा बना अमीरों का रहनुमा Dhanbad News
बाघमारा में कांग्रेस काफी मजबूत है। उन्होंने पार्टी में आपसी खींचतान रहने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि भाजपा को परास्त करने के लिए एकजुटता जरुरी है।
सिजुआ, जेएनएन। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि जनता को माफिया राज खत्म करने और गरीब का बेटा होने का विश्वास दिलाकर ढुलू महतो विधायक बने हैं। लेकिन अब उन्होंने गरीबों से दूर होकर पूंजीपती से नाता जोड़ लिया है।
इरफान ने शनिवार की रात पार्टी के प्रदेश सचिव रणविजय सिंह के सिजुआ कार्यालय में उन्होंने प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बाघमारा में कांग्रेस काफी मजबूत है। उन्होंने पार्टी में आपसी खींचतान रहने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि भाजपा को परास्त करने के लिए एकजुटता जरुरी है।
कोयला खनन नियमों में बदलाव हो : विधायक ने कहा कि यहां के कोयले से दूसरे राज्यों को 24 घंटे बिजली मिलती है जबकि झारखंडियों को बिजली नसीब नहीं हो रहा है। खनन के बाद गड्ढा करके कंपनियां चली जाती है। कांग्रेस की सरकार बनी तो कोयला नियमों में बदलाव की मांग करेंगे। प्रदेश सचिव रणविजय सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा, संजय सिंह आदि थे।