लोकसभा चुनाव की खुमारी उतरी नहीं कि झारखंड विधानसभा की तैयारी शुरू Dhanbad News
झारखंड में विधानसभा चुनाव का निर्धारित समय दिसंबर 2019 है। अक्टूबर में हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव होना है। उसके साथ ही झारखंड में चुनाव कराने पर आयोग विचार कर रहा है।
धनबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव- 2019 की खुमारी अभी उतरी नहीं है। चुनाव संपन्न कराने वाले अधिकारी अभी थकान मिटाने में ही लगे थे कि झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव कराये जाने की संभावना के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग अपनी तैयारी पूरी कर लेना चाहते हैं। इसके मद्देनजर जिलास्तर पर सभी अधिकारी जुट गए हैं। फिलहाल मतदान केंद्रों को मतदाताओं की सहूलियत को ध्यान रख व्यवस्थित किया जा रहा है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव का निर्धारित समय दिसंबर 2019 है। अक्टूबर में हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव होना है। उसके साथ ही झारखंड में चुनाव कराने पर आयोग विचार कर रहा है। इसी के मद्देनजर तैयारी की जा रही है। विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों के परिवर्तन की कवायद की जा रही है। गुरुवार को निरसा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी ने बैठक की। इस दाैरान उन्होंने मतदान केंद्रों के स्थल एवं भवन परिवर्तन को लेकर विचार-विमर्श किया। निरसा विधानसभा के 18 मतदान केंद्रों के स्थल एवं भवन परिवर्तन के बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी को सुझाव प्राप्त हुए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप