Jharkhand Assembly By-election: बेरमो और दुमका में भाजपा को मिला आजसू का साथ, गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश ने किया एलान
हेमंत सोरेन का अहंकार ही यूपीए के पतन का कारण बनेगा। पिछले विधानसभा चुनाव में यूपीए के मुखिया के नाते हेमंत सोरेन ने जो भी चुनावी वायदे किए थे उन्हें ही लोगों को याद कराएंगे। जनता खुद देख ले कि विधानसभा चुनाव में किए गए कितने वायदे पूरे हुए हैं।
धनबाद [ अश्विनी रघुवंशी ]। आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने घोषणा की है कि आजसू पार्टी एनडीए का हिस्सा है। दुमका एवं बेरमो में एनडीए चुनाव लड़ेगा। दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा ही उम्मीदवार उतारेगी। भाजपा और आजसू पार्टी काचुनावी मिलन कमाल दिखाएगा। उन्होंने कहा, हेमंत सोरेन का अहंकार ही यूपीए के पतन का कारण बनेगा। पिछले विधानसभा चुनाव में यूपीए के मुखिया के नाते हेमंत सोरेन ने जो भी चुनावी वायदे किए थे, उन्हें ही लोगों को याद कराएंगे। जनता खुद देख ले कि विधानसभा चुनाव में किए गए कितने वायदे पूरे हुए हैं।
आजसू के इकलौते सांसद चौधरी ने दूरभाष पर विशेष बातचीत में कहा कि दुमका एवं बेरमो के उम्मीदवार के मसले पर भाजपा को खुद फैसला लेना है। यह उनका अंदरूनी मसला है। बेरमो उनके निर्वाचन क्षेत्र में आता है। उम्मीदवार के मसले पर आजसू पार्टी से भाजपा का शीर्ष नेतृत्व सलाह मशविरा करेगा तो जरूर अपनी राय बताई जाएगी। वैसे, उम्मीदवार के मसले पर आजसू पार्टी अपनी ओर से कोई सुझाव देने से परहेज करेगी। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी के भीतर कई लोगों की राय थी कि बेरमो से चुनाव लड़ा जाना चाहिए। कई दमदार दावेदार भी हैं। हम लोग चाहते हैं कि एनडीए मजबूती से उपचुनाव में उतरे।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आजसू पार्टी का लंबे समय से गठबंधन रहा है। लोकसभा चुनाव तक मिल कर लड़े थे। बीते विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग लड़े थे। नतीजा सामने है। वो बीती बात हो चुकी है।
चंद्रप्रकाश ने कहा- किसी ने सोचा न था कि हेमंत सरकार बनने के बाद इतनी जल्दी कानून व्यवस्था बिगड़ जाएगी। सरकारी आंकड़े ही कानून व्यवस्था को आईना दिखा रहे हैं। कोरोना काल में जनता को सहूलियत देने की जगह इस सरकार ने तबादला उद्योग खोल दिया। मकसद सही न हो तो नतीजे सही नहीं मिल सकते।